
सीहोर। कोतवाली थाना अंतर्गत मोतीबाबा मंदिर के पास शनिवार रात एक भीषण सडक़ हादसा घटित हुआ। नशे में धुत एक बुलेरो पिकअप चालक ने लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए बाइक सवार चार किशोरों को जोरदार टक्कर मार दी। इस हृदयविदारक दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है और जांच में ड्रिंक एंड ड्राइव की पुष्टि होने पर सख्त धाराएं लगाई गई हैं।
सीएसपी डॉ. अभिनंदना शर्मा के अनुसार घटना शनिवार रात करीब 11 बजे की है। लुनिया मोहल्ला निवासी चार दोस्त अमित, विवेक, धीरज और विक्रम मोटरसाइकिल पर सवार थे, तभी मोतीबाबा मंदिर के पास मुख्य मार्ग पर बुलेरो पिकअप ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।
इलाज के दौरान तोड़ा दम
हादसे के तुरंत बाद घायलों को जिला अस्पताल लाया गया। यहां डॉक्टरों ने 16 वर्षीय अमित चौहान पिता मुकेश चौहान को परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया। वहीं 12 वर्षीय विवेक चौहान पिता सतीश चौहान की गंभीर हालत को देखते हुए उसे तत्काल भोपाल रेफर किया गया, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था, हमीदिया अस्पताल में उपचार के दौरान विवेक ने भी दम तोड़ दिया। दो बच्चों की मौत से लुनिया मोहल्ले में मातम पसर गया है।
शराब के नशे में था चालक
कोतवाली पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी चालक सुनील ठाकुर पिता रंजीत सिंह ठाकुर उम्र 48 वर्ष निवासी हनुमान फाटक को हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने आरोपी का मेडिकल परीक्षण और ब्लड सैंपलिंग कराई, जिसमें शराब के नशे में वाहन चलाने की पुष्टि हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है।