
रेहटी। रेहटी तहसील के ग्राम श्यामूगांव के आधा दर्जन से अधिक किसानां के खेतों में आगजनी की घटना से उनके खेतों में लगी गेहूं की फसल जलकर खाक हो गई। आग की सूचना मिलते ही रेहटी तहसीलदार भूपेंद्र कैलासिया, थाना प्रभारी राजेश कहारे पुलिस एवं राजस्व की टीम के साथ मौके पर पहुंचे। इस दौरान दमकलों ने पहुंचकर आग पर काबू पाया। राजस्व विभाग द्वारा किए गए आंकलन में 7 किसानों की करीब 20 एकड़ की फसल को नुकसान होना पाया गया है। आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पटवारी द्वारा पंचनामा तैयार किया गया है।
जानकारी के अनुसार मंगलवार को सुबह करीब 10 से 11 बजे के दौरान ग्राम श्यामगांव में किसान शिवराज कुशवाह, धर्मेंद्र कुशवाह सहित अन्य किसानों के खेतों में आग की सूचना रेहटी थाना एवं राजस्व विभाग को मिली। इसके बाद पुलिस एवं राजस्व की टीम तत्काल मौके पर पहुंची एवं स्थिति संभाली। आगजनी की सूचना भी तत्काल फायर बिग्रेड को दी गई। इसके बाद फायर बिग्रेड भी घटनास्थल के लिए रवाना हो गई। आग की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण भी अपने-अपने खेतों की तरफ दौड़े एवं आग बुझाने के लिए प्रयास करते नजर आए। किसानों ने अपने ट्रेक्टरों से खेतों में फसल बखरना शुरू कर दिया, ताकि आग ज्यादा नहीं फैल सके। इस दौरान फायर बिग्रेड की गाड़ियां भी पहुंच गई एवं आग बुझाने में जुट गईं। आगजनी का कारण अभी अज्ञात है। घटना के बाद पटवारी द्वारा पंचनामा तैयार किया गया है। आग लगने से शिवराज सिंह कुशवाह, धर्मेंद्र कुशवाह, लखन कुशवाह पुत्र शिवराज सिंह कुशवाह, राजेश कुशवाह पुत्र कृपाराम कुशवाह, कुबेर सिंह कुशवाह, गणेशराम कुशवाह, श्यामलाल कुशवाह सहित अन्य किसानों के खेतों की फसलें जलकर खाक हो गई है। रेहटी तहसीलदार भूपेंद्र कैलासिया ने बताया कि ग्राम श्यामूगांव में आगजनी की सूचना मिली। इसके बाद तत्काल मौके पर फायर बिग्रेड भेजी गई एवं टीम के साथ पहुंचकर स्थितियां देखी। आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया गया है। किसानों की आगजनी से नष्ट हुई फसलों का पंचनामा भी तैयार कराया गया है। किसानों को इसका मुआवजा दिलाया जाएगा।
