इंदौर की तर्ज पर सीहोर में भी हरी-भरी होगी पहाड़ी

सीहोर। इंदौर की तर्ज पर अब सीहोर की पहाडिय़ों को भी हरा भरा बनाने की एक बड़ी पहल शुरू हो गई है। अखिल विश्व गायत्री परिवार शांतिकुंज हरिद्वार के तत्वावधान में आगामी गुरुवार 23 जुलाई को जिला मुख्यालय के समीप स्थित सामल माता मंदिर रायपुरा की पहाड़ी पर विशाल 1111 वृक्षारोपण महायज्ञ का आयोजन किया जा रहा है।
इस पौधारोपण अभियान के बाद सामल माता के पावन सानिध्य में माता भगवती देवी शर्मा शताब्दी उपवन की स्थापना की जाएगी। कार्यक्रम को लेकर ग्राम रायपुरा और आसपास के क्षेत्र में खासा उत्साह है तथा पूरे इलाके में उत्सव जैसा माहौल बना हुआ है।

तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे शांतिकुंज प्रतिनिधि
सोमवार को कार्यक्रम स्थल पर चल रही तैयारियों का जायजा लेने शांतिकुंज के प्रतिनिधि जगदीश कुलमी, जोनल समन्वयक राजेश पटेल, सह जोनल समन्वयक रामचंद्र गायकवाड़ एवं उपजोन समन्वयक आरपी हजारी पहुंचे। निरीक्षण के दौरान जगदीश कुलमी द्वारा तैयारियों की प्रगति समीक्षा की गई तथा आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए।
डॉ. चिन्मय पंड्या होंगे मुख्य अतिथि
कार्यक्रम संयोजक मनोहर दांगी ने बताया कि इस पावन महायज्ञ में मुख्य अतिथि के रूप में देव संस्कृति विश्वविद्यालय हरिद्वार के कुलपति डॉ. चिन्मय पंड्या विशेष रूप से शामिल होंगे। उनका आगमन सुबह 8 बजे तय हुआ है। गायत्री परिवार के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं से अपील की है कि वे एक दिन पूर्व ही सामल माता पहाड़ी पहुंचकर श्रमदान और समयदान के माध्यम से व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दें।
6 से 8 फीट ऊंचे पौधों का होगा रोपण
जिला समन्वयक प्रेमलाल कुशवाह ने जानकारी दी कि पौधारोपण के लिए गड्ढे खोदने का काम तेजी से जारी है। अभियान की खास बात यह है कि यहां 6 से 8 फीट ऊॅंचाई वाले तैयार पौधे लगाए जाएंगे, ताकि उनके जीवित रहने की संभावना अधिक रहे। इसके साथ ही भविष्य में इन पौधों की उचित देखरेख और रख रखाव के लिए विशेष योजना बनाई गई है।

Exit mobile version