
सीहोर। प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान लगातार दौरे कर रहे हैं। वे जहां प्रदेशभर के दौरे पर निकल रहे हैं तो उन्होंने बुधनी विधानसभा में भी मोर्चा संभाला हुआ है। बुधनी विधानसभा के शाहगंज के बाद अब उनका रेहटी, भैरूंदा सहित लाड़कुई से सीहोर होते हुए भोपाल के लिए दौरा कार्यक्रम तय किया गया है। इस दौरान वे कई गांवों में जाकर शोक संतप्त परिवार के बीच पहुंचेंगे और परिवार के दुखों में शामिल होंगे। पूर्व मुख्यमंत्री 6 जनवरी को बुधनी विधानसभा सहित सीहोर के दौरे पर पहुंच रहे हैं। इससे पहले उनके स्वागत, सत्कार की तैयारियां भी नेताओं ने कर ली है। पूर्व मुख्यमंत्री के तय हुए दौरे कार्यक्रम के अनुसार वे सड़क मार्ग से भोपाल से निकलकर बोरी, सेमरी, रेहटी पहुंचेंगे। यहां पर भाजपा के सलकनपुर मंडल अध्यक्ष प्रेमनारायण मीणा के नेतृत्व में उनके स्वागत, सत्कार की तैयारियां की गईं हैं। पूर्व मुख्यमंत्री का यहां पहुंचने का कार्यक्रम दोपहर 1 बजे का है। पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान रेहटी से सतराना, राला, भैरूंदा, सोठिंया, चींच, नीलकंठ, मंडी, सीलकंठ, छिंदगांव मौजी सहित कई अन्य गांवों से लाड़कुई, सिंहपुर, इछावर होते हुए सीहोर भी पहुंचेंगे। वे सीहोर में भी स्थानीय कार्यक्रमों में शामिल होंगे। यहां से वे भोपाल के लिए निकलेंगे।
सीएम रहते भी लगातार करते रहे हैं दौरे-
पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान हमेशा दौरे करते रहे हैं। जब वे मुख्यमंत्री के पद पर थे, तब भी बुधनी विधानसभा के समय-समय पर दौरे करते रहे हैं। वे अपनी विधानसभा के लोगों के बीच हमेशा उपलब्ध रहे हैं। चाहे कोई कार्यक्रम हो, कोई संकट आया हो, वे अपने लोगों के बीच में पहुंचना कभी नहीं भूलते हैैं। यही कारण है कि वे जननायक बने हैं। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर स्थानीय नेताओं मेें भी उत्सुकता एवं जागरूकता आई है। दरअसल शिवराज सिंह चौहान के मुख्यमंत्री पद से हटने के बाद बुधनी विधानसभा के नेताओं में निराशा का भाव देखा गया है। नेताओं ने पार्टी के कार्यक्रमों सहित विकसित भारत संकल्प यात्रा से भी दूरी बनाकर रखी हुई है। वे इस यात्रा में भी नहीं दिखाई दे रहे हैं। यात्रा लगातार बुधनी विधानसभा के गांवों में पहुंच रही है, लेकिन इन गांवों में यात्रा के साथ में अधिकारी-कर्मचारी तो नजर आ रहे हैं, लेकिन ज्यादातर नेताओं ने यात्रा से दूरी बनाकर रखी है। अब पूर्व मुख्यमंत्री के दौरे कार्यक्रम को लेकर एक बार फिर से नेताओं में उत्सुकता जागी है और वे पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के स्वागत, सत्कार को लेकर खुश नजर आ रहे हैं।