
सीहोर। जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों को लेकर मची अफरा तफरी के बीच अब पुलिस के साये में वितरण की स्थिति बन गई है। एक ओर जहां ऑनलाइन बुकिंग सिस्टम में आ रही दिक्कतों के कारण उपभोक्ताओं को ऑफलाइन नंबर लगाने के लिए घंटों कतारों में जूझना पड़ रहा है, वहीं दूसरी ओर प्रशासन ने घरेलू गैस के अवैध व्यावसायिक उपयोग के खिलाफ कमर कस ली है।
जिले की विभिन्न गैस एजेंसियों के बाहर सुबह से ही उपभोक्ताओं की लंबी कतारें देखी जा रही हैं। ऑनलाइन बुकिंग न हो पाने के कारण लोग परेशान हैं और मजबूरी में अपना काम-धंधा छोडक़र गैस एजेंसियों के चक्कर काट रहे हैं। भीड़ को नियंत्रित करने और किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए कई केंद्रों पर पुलिस बल की मौजूदगी में नंबर लगाए जा रहे हैं।
होटलों से जब्त किए सिलेंडर
कलेक्टर बालागुरू के. के निर्देश पर खाद्य विभाग की टीम लगातार छापामार कार्रवाई कर रही है। घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक संस्थानों और होटलों में उपयोग रोकने के लिए प्रशासन अलर्ट मोड पर है। इसी कड़ी में शनिवार को भैरूंदा में बड़ी कार्रवाई की गई। सहायक आपूर्ति अधिकारी प्रकाश यादव एवं उनकी टीम ने भैरूंदा की 10 दुकानों और प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान घरेलू सिलेंडर का उपयोग करते पाए जाने पर 08 सिलेंडर जब्त किए गए।
स्टॉक की कमी नहीं, जिला आपूर्ति अधिकारी
एक ओर जहां उपभोक्ता कतारों में खड़े हैं, वहीं प्रशासन का दावा है कि स्थिति नियंत्रण में है। जिला आपूर्ति अधिकारी रेशमा भामोर ने स्पष्ट किया कि जिले में एलपीजी गैस सिलेंडरों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और आपूर्ति निरंतर बनी हुई है। उन्होंने उपभोक्ताओं से धैर्य रखने और घरेलू गैस का व्यावसायिक उपयोग न करने की अपील की है।
छापामार टीम में ये रहे शामिल
भैरूंदा में की गई कार्रवाई के दौरान खाद्य विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों का कहना है कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और नियम तोडऩे वाले दुकानदारों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।