
सीहोर-रेहटी। नवरात्रि के पहले दिन सलकनपुर स्थित मां बिजासन धाम पर घटस्थापना की गई। मंदिर समिति के अध्यक्ष महेश उपाध्याय, सदस्य अरविंद दुबे, रामगोपाल टेलर, रिखीराम यादव की उपस्थिति में मंदिर के ब्राह्मणों ने विधि-विधान से घटस्थापना कराई। इधर नवरात्रि के पहले दिन करीब 75 हजार श्रद्धालुओं ने मातारानी के दर्शन का पुण्य लाभ लिया। इस दौरान अधिकारियों ने भी सलकनपुर में ही मोर्चा संभाले रखा।
सुबह 5 बजे से रात 12 बजे तक हो सकेंगे दर्शन-
नवरात्रि में श्रद्धालुओं के लिए मंदिर का समय सुबह 5 बजे से लेकर रात 12 बजे तक कर दिया गया है। इस दौरान श्रद्धालु-भक्त मातारानी के दर्शन कर सकेंगे। इस दौरान पांच बार आरती होगी, इस दौरान दर्शन पर कुछ समय के लिए रोक रहेगी। आरती के बाद तुरंत दर्शन शुरू हो जाएंगे।
मां बिजासन के दरबार में होती है मनोकामना पूर्ण-
सलकनपुर में श्रद्धालुओं के लिए मंदिर परिसर में ही उपलब्ध रहेगा भोग प्रसादम्
सलकनपुर आने वाले श्रद्धालुओं को मंदिर परिसर में ही भोग प्रसादम् मिल सकेगा। इसके लिए पिछले वर्ष की तरह इस वर्ष भी स्व सहायता समूह की महिलाओं द्वारा सलकनपुर मंदिर परिसर में सलकनपुर भोग प्रसादम् का स्टॉल लगाया गया है। मंदिर परिसर में लगाए गए भोग प्रसादम् स्टॉल के संचालन का कार्य ग्राम संगठन सलकनपुर को दिया गया है। भोग प्रसाद के निर्माण के लिए मालीबायां में यूनिट तैयार की गई है। सलकनपुर भोग प्रसाद का शुभारंभ गत वर्ष नवरात्रि के प्रथम दिन किया गया था, तब से लेकर आज तक प्रसाद तैयार कर वितरण किया जा रहा है। इसमें अब तक कुल 25 लाख से अधिक का प्रसाद विक्रय किया जा चुका है। ग्राम संगठन की सदस्य रजनी ने बताया कि समूह की दीदियों द्वारा यह निर्णय लिया गया है कि वर्ष भर में सलकनपुर प्रसादम् केंद्र का आॅडिट कर प्राप्त शुद्ध आय का 5 प्रतिशत देवी धाम सलकनपुर को समर्पित किया जाएगा। समूह की महिलाओं ने पिछले वर्ष में किए गए कुल आय से 25 हजार रुपए सलकनपुर ट्रस्ट को दान किया।