विवाद देखने रुके युवक की संदिग्ध मौत से गरमाया इछावर, हत्या या हादसा…पीएम रिपोर्ट पर टिकी नजरें, गुस्साए परिजन ने किया चक्काजाम

सीहोर। किसी काम से घर से निकले युवक का रास्ते में चल रहे विवाद को देखने के लिए रुकना उसकी जिंदगी पर भारी पड़ गया। इछावर थाना क्षेत्र के भाऊखेड़ी जोड़ के पास शनिवार रात युवक सचिन वर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। एक ओर जहां परिजन सिर में गोली मारकर हत्या किए जाने का आरोप लगा रहे हैं, वहीं पुलिस इसे हत्या और सडक़ हादसे के बीच उलझा मामला मान रही है। गुस्साए परिजन और ग्रामीणों ने रविवार सुबह इछावर-नसरुल्लागंज मार्ग पर थाने के सामने चक्काजाम कर सख्त कार्रवाई की मांग की, जिसके बाद स्थिति संभालने के लिए कई थानों का पुलिस बल तैनात करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार सचिन वर्मा शनिवार रात बाइक से किसी काम के सिलसिले में भाऊखेड़ी जोड़ की तरफ गया था। बताया जा रहा है कि वहां पहले से कुछ लोगों के बीच किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। यह देखकर सचिन वहां रुक गया और विवाद देखने लगा। परिजन का आरोप है कि इसी दौरान किसी अज्ञात शख्स ने गोली चला दी, जो सीधे सचिन के सिर में जा लगी और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। यह झगड़ा किन लोगों के बीच था और किस वजह से शुरू हुआ, पुलिस अब इन तमाम कडिय़ों को जोडऩे में जुटी है।

चार थानों की पुलिस ने संभाला मोर्चा
युवक की मौत की खबर गांव पहुंचते ही माहौल गमगीन होने के साथ-साथ तनावपूर्ण हो गया। रविवार सुबह बड़ी संख्या में परिजन और ग्रामीण इछावर थाने के पास इक_ा हो गए और इछावर-नसरुल्लागंज मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग उठाई।
हालात की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस प्रशासन तुरंत हरकत में आया। एहतियात के तौर पर नसरुल्लागंज, आष्टा, सीहोर और आसपास के थानों से अतिरिक्त बल इछावर बुलाया गया और मौके पर तैनात किया गया, ताकि शांति और कानून-व्यवस्था बनी रहे।
दो पहलुओं के बीच उलझी जांच, पीएम रिपोर्ट से खुलेगा राज
इस पूरे घटनाक्रम में पुलिस अभी किसी अंतिम नतीजे पर नहीं पहुंची है। एडिशनल एसपी डॉ. प्रशांत चौबे के मुताबिक घटना को लेकर दो अलग-अलग तरह की बातें सामने आ रही हैं। यह वारदात गोली मारकर हत्या की है या फिर कोई सडक़ हादसा, इसका असली सच पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही उजागर हो सकेगा। फिलहाल पुलिस टीम हर पहलुओं पर जांच कर रही है।

Exit mobile version