आईजी अभय सिंह ने किया पुलिस का वार्षिक निरीक्षण

बलवा ड्रिल में परखी मुस्तैदी, जवानों की सुनीं समस्याएं

सीहोर। पुलिस महानिरीक्षक (देहात) भोपाल जोन अभय सिंह ने जिले का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुलिस लाइन में परेड की सलामी ली, बलवा ड्रिल का अभ्यास देखा और सैनिक सम्मेलन के माध्यम से पुलिसकर्मियों की समस्याओं का निराकरण करने का आश्वासन दिया। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला भी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
निरीक्षण की शुरुआत पुलिस लाइन ग्राउंड में परेड से हुई। रक्षित निरीक्षक उपेन्द्र यादव के नेतृत्व में आयोजित इस परेड का आईजी ने सूक्ष्म अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों के अनुशासन, मार्चिंग और टर्नआउट की प्रशंसा की। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जवानों को मौके पर ही पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

दंगों से निपटने के लिए बलवा ड्रिल का अभ्यास
सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के उद्देश्य से आईजी ने बलवा ड्रिल का निरीक्षण किया। पुलिस बल ने भीड़ नियंत्रण, आंसू गैस के गोले छोडऩे, वॉटर कैनन का उपयोग और सुरक्षा घेरा बनाने का प्रभावी प्रदर्शन किया। अभय सिंह ने विभिन्न प्रकार के ग्रेनेड सेल्स और बलवा सामग्री की उपलब्धता की समीक्षा की और अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी विषम परिस्थिति में न्यूनतम बल प्रयोग के साथ स्थिति को कैसे नियंत्रित किया जाए।

वाहनों और आधुनिक उपकरणों की जांच
आईजी ने पुलिस विभाग के बेड़े में शामिल शासकीय वाहनों का भी बारीकी से निरीक्षण किया। इसमें इंटरसेप्टर व्हीकल, वज्र वाहन, डायल 112, जेल वाहन और एफएसएल वाहनों की कार्यशीलता और उनमें मौजूद उपकरणों के रख रखाव की जांच की गई।

सैनिक सम्मेलन में सुनीं समस्याएं
परेड के पश्चात आयोजित सैनिक सम्मेलन में आईजी ने जमीनी स्तर पर कार्य करने वाले कर्मचारियों से सीधा संवाद किया। जवानों ने आवास संबंधी समस्याओं और फॉरेंसिक जांच के दौरान आने वाली तकनीकी दिक्कतों को उनके सामने रखा। आईजी ने कुछ नीतिगत विषयों पर पुलिस मुख्यालय और शासन स्तर पर चर्चा कर उचित निर्णय लेने का भरोसा दिलाया। वार्षिक निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुनीता रावत, जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारीए थाना प्रभारी और पुलिस अधीक्षक कार्यालय का स्टाफ मौजूद रहा।

Exit mobile version