बोलेरो से 34 हजार रुपये की अवैध शराब जब्त, पुलिस को देखकर आरोपी वाहन छोडक़र फरार

सीहोर। पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना के निर्देशन में जिले भर में चलाए जा रहे नशा उन्मूलन और अवैध शराब परिवहन रोको अभियान के तहत थाना जावर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक बोलेरो गाड़ी से भारी मात्रा में अवैध देशी मदिरा जब्त कर अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार जावर पुलिस को मुखबिर से सटीक सूचना मिली थी कि ग्राम झिकड़ी के तालाब रोड से एक बोलेरो वाहन में अवैध शराब ले जाई जा रही है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुनीता रावत और एसडीओपी आष्टा दामोदर गुप्ता के मार्गदर्शन में जावर थाना प्रभारी हेमंत पांडेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस की कार्रवाई के दौरान सिल्वर रंग की बोलेरो गाड़ी से 9 पेटियों में रखे 425 क्वार्टर देशी प्लेन मदिरा कुल 76.50 लीटर जब्त की गई। जब्त शराब की कुल कीमत लगभग 34 हजार रुपए बताई जा रही है। पुलिस ने शराब और बोलेरो वाहन को जब्त कर अज्ञात चालक के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच में लिया है।
5 महीनों में दर्ज किए 24 मामले
थाना प्रभारी हेमंत पांडेय के मार्गदर्शन में जावर पुलिस द्वारा पिछले 5 महीनों से अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इस अवधि में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आबकारी एक्ट धारा 34 के तहत कुल 19 मामले दर्ज किए। इस कार्रवाई में डीएसपी हेमंत पांडेय, उप निरीक्षक राकेश शुक्ला, प्रधान आरक्षक सुनील वर्मा, सुरेश परमार, हरीश डोडीयार तथा आरक्षक नरेंद्र सैंधव, राहुल सूर्यवंशी, महेश यादव, सुरेंद्र मंडलोई, कावसिंह रावत एवं सैनिक देवपाल भाटी की विशेष भूमिका रही।

Exit mobile version