ईरान-इजराइल युद्ध का असर, अब केवल घरेलू उपभोक्ताओं को मिलेगा सिलेंडर, कमर्शियल सप्लाई पर रोक

सीहोर। ईरान-इजराइल युद्ध का असर अब जिले में भी साफ तौर पर दिखाई देने लगा है। युद्ध के बीच बाधाओं को देखते हुए पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने बड़ा फैसला लिया है। मंत्रालय ने सभी सार्वजनिक तेल कंपनियों को निर्देश दिए हैं कि एलपीजी की आपूर्ति अब प्राथमिकता के आधार पर केवल घरेलू उपभोक्ताओं को ही की जाए।
जिला आपूर्ति अधिकारी रेशमा भामोर ने बताया कि नए निर्देशों के तहत अब होटल, मॉल, औद्योगिक क्षेत्रों और फैक्ट्रियों जैसे वाणिज्यिक उपभोक्ताओं को गैस की सप्लाई नहीं की जाएगी। हालांकि राहत की बात यह है कि अस्पताल और शैक्षणिक संस्थानों को इस प्रतिबंध से बाहर रखा गया है, ताकि आवश्यक सेवाएं प्रभावित न हों। खाद्य विभाग ने बड़े व्यवसायियों को सलाह दी है कि वे अपनी ऊर्जा जरूरतों के लिए बिजली या कोयले जैसे वैकल्पिक ईंधनों का उपयोग करें।
घरेलू उपभोक्ताओं के लिए नए नियम
आम जनता को गैस की कमी न हो और वितरण व्यवस्था समान बनी रहे, इसके लिए कुछ नए उपाय लागू किए गए हैं, जिसमें अब उपभोक्ता अपनी पिछली गैस डिलीवरी के 25 दिन बीत जाने के बाद ही अगली रिफिल बुकिंग करा सकेंगे। इस कदम का मुख्य उद्देश्य गैस सिलेंडरों की जमाखोरीए कालाबाजारी और अचानक मचने वाली अफरा तफरी को रोकना है।
प्रशासन ने कहा, घबराने की जरूरत नहीं
जिला प्रशासन और आपूर्ति विभाग ने स्पष्ट किया है कि प्रदेश में पेट्रोलए डीजल और घरेलू गैस सिलेंडर का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। आपूर्ति श्रृंखला को केवल व्यवस्थित किया गया है ताकि किसी भी परिवार को परेशानी का सामना न करना पड़े। अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की है कि वे घबराएं नहीं और अफवाहों पर ध्यान न दें।

Exit mobile version