रेहटी महाविद्यालय में आयोजित हुआ भारतीय भाषा उत्सव, कराई गईं प्रतियोगिताएं

रेहटी। नगर के शासकीय महाविद्यालय में छात्र-छात्राओं को देश की विभिन्न भाषाई विविधताओं एवं एकता और गौरव की भावना का अनुभव कराने के उद्देश्य से भारतीय भाषा उत्सव का आयोजन किया गया। इस दौरान 25 सितंबर से 11 दिसंबर के मध्य में विभिन्न प्रतियोगिताएं एवं कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इन आयोजनों में कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर अपनी सहभागिता निभाई। इस दौरान निबंध, भाषण, वाद-विवाद प्रतियोगिताएं भी कराई गईं। इन प्रतियोगिताओं में जोया खान, निहारिका सोलंकी, डॉली दायमा, शिवकुमारी यादव, नेहा दायमा, सपना यदुवंशी सहित कॉलेज के विभिन्न छात्र-छात्राओं ने हिस्सेदारी की। इसी कड़ी में 11 दिसंबर 2023 को प्रसिद्ध तमिल कवि और स्वतंत्रता संग्राम सेनानी सुब्रमण्यम भारती की जन्म जयंती पर छात्रों एवं महाविद्यालय परिसर द्वारा उनके साहित्य व उनके जीवन पर प्रकाश डाला गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे डॉ मनोज राठौर ने संविधान में भाषा का स्थान पर अपनी बात रखी। कार्यक्रम में डॉ. पुनीत कुमार मालवी द्वारा भाषा के महत्व पर प्रकाश डाला गया। डॉ मनमोहन द्विवेदी ने भाषाई एकता पर अपने विचार व्यक्त किए। डॉ डाली दुबे ने छात्र-छात्राओं को देश की विभिन्न भाषाओं, बोलियों के महत्व को समझाया। डॉ ज्योति विश्वकर्मा और डॉ प्रभा रघुवंशी ने छात्र-छात्राओं को संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. भावना शर्मा हिन्दी विभाग द्वारा किया गया। कार्यक्रम में आभार प्रदर्शन डॉ. सुरेश सोलंकी हिन्दी विभाग द्वारा किया गया। इस अवसर पर कॉलेज की प्राचार्या सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

Exit mobile version