इंदौर से चेन्नई उड़ान 27 मार्च तक के लिए सप्ताह में तीन दिन

इंदौर
एक और इस माह के अंत से लागू हो रहे समर शेड्यूल से इंदौर के देवी अहिल्या बाई होलकर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से उड़ानों की संख्या बढ़ने की बात कही जा रही है। वहीं दूसरी ओर निजी उड़ान कंपनी इंडिगो ने अपनी नियमित चलने उड़ान को 27 मार्च तक के लिए सप्ताह में तीन दिन करने का फैसला किया है। बताया जा रहा है कि यात्रियों की कमी के कारण यह निर्णय लिया गया हैं। उधर पुणे उड़ान के निरस्त होने का क्रम लगातार जारी हैं।
निजी उड़ान इंडिगो द्वारा बीते अक्टूबर में इंदौर से चेन्नई के बीच उड़ान की शुरुआत की गई थी। उड़ान संख्या 6ई-6309 सुबह 5.20 बजे चेन्नई से रवाना होकर 7.25 बजे इंदौर पहुंचती है और सुबह आठ बजे इंदौर से चेन्नई के लिए रवाना होकर 10.10 बजे चेन्नई पहुंचती है। फरवरी में इस उड़ान को बंद कर दिया था, लेकिन कोरोना का असर कम होने पर एक मार्च से दोबारा इस उड़ान को शुरू किया है, लेकिन इस उड़ान में यात्रियों की कमी बरकरार हैं। इसके कारण कंपनी पिछले कुछ दिनों में कई बार इस उड़ान को निरस्त भी कर चुकी है।
यही कारण है कि कंपनी ने अब इस उड़ान को 27 मार्च तक सप्ताह में तीन दिन ही चलाने का निर्णय लिया है। यह उड़ान अब सिर्फ मंगलवार, शुक्रवार और रविवार को चलेगी। शेष दिन यात्रियों को दूसरे शहरों से होते हुए चेन्नई जाना होगा। 27 मार्च से लागू हो रहे समर शेड्यूल में कंपनी इसे दोबारा रोजाना संचालित करेगी। हालांकि कहा यह भी जा रहा है कि अगर बाद में यात्रियों का रिस्पांस अच्छा नहीं मिलता है तो कंपनी दोबारा इसे सप्ताह में तीन दिन संचालित करने का निर्णय ले सकती है।
इधर इंडिगो द्वारा पुणे से इंदौर के बीच देर रात शुरू की गई उड़ान को भी अक्सर निरस्त किया जा रहा है। शुक्रवार देर रात 2.45 बजे इंदौर आने वाली यह फ्लाइट निरस्त कर दी गई। इसके कारण इसमें बुकिंग करवा चुके यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कंपनी इस उड़ान को भी पिछले दिनों कई बार निरस्त कर चुकी है। जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ता हैं।