
सीहोर। परिवार और समाज की धुरी कही जाने वाली महिलाओं के लिए अपनी सेहत का ख्याल रखना सबसे बड़ी चुनौती है। इसी उद्देश्य को लेकर शनिवार को शहर के अटल पार्क में इनरव्हील क्लब के तत्वाधान में एक विशेष मॉर्निंग वॉक प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शहर की महिलाओं ने हिस्सा लेकर स्वास्थ्य के प्रति अपनी जागरूकता का परिचय दिया।
प्रतियोगिता के अवसर पर इनरव्हील क्लब की अध्यक्ष नेहा विजयवर्गीय ने महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज की भागदौड़ भरी जीवनशैली में महिलाएं अक्सर परिवार की जरूरतों को पूरा करने में अपनी सेहत को नजरअंदाज कर देती हैं। उन्होंने कहा कि महिलाएं परिवार और समाज की रीढ़ हैं। यदि वे खुद स्वस्थ रहेंगी, तभी एक स्वस्थ परिवार का निर्माण होगा। व्यस्तता के बावजूद थोड़ा समय अपने शरीर के लिए निकालना अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कार्य-जीवन में संतुलन बनाए रखने के लिए उपस्थित महिलाओं को कई व्यावहारिक सुझाव भी दिए।
मजबूती का आधार है पैदल चलना
कार्यक्रम में वक्ताओं ने बताया कि मॉर्निंग वॉक न केवल शरीर को फिट रखने का जरिया है, बल्कि यह मानसिक शांति, वजन नियंत्रण और हृदय संबंधी बीमारियों से बचाव के लिए भी रामबाण है। अटल पार्क की खुली हवा में आयोजित इस प्रतियोगिता का उद्देश्य महिलाओं को नियमित व्यायाम के लिए प्रोत्साहित करना था।
इन्होंने मारी बाजी
वॉक प्रतियोगिता के दौरान महिलाओं में खासा उत्साह देखा गया। प्रतिस्पर्धा के बाद परिणामों की घोषणा की गई, जो इस प्रकार रहे, जिसमें प्रथम स्थान पर संगीता राय, द्वितीय स्थान अंकित अग्रवाल और तृतीय स्थान पर निकिता उपाध्याय रहीं। कार्यक्रम के सफल आयोजन के अंत में क्लब की सचिव सीमा व्यास और आरती ठकराल ने सभी प्रतिभागियों और उपस्थित महिलाओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने विश्वास जताया कि इस तरह के आयोजनों से शहर की महिलाओं में अपने स्वास्थ्य के प्रति एक नई चेतना जागृत होगी।