
सीहोर। जल संरक्षण और स्वच्छता को लेकर नगर परिषद रेहटी द्वारा 6 अप्रैल (सोमवार) को जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत विशेष जागरूकता और सफाई अभियान चलाया गया। नगर परिषद अध्यक्ष, मुख्य नगरपालिका अधिकारी और परिषद के कर्मचारियों ने जमीनी स्तर पर उतरकर न केवल वार्डों की सफाई की, बल्कि लोगों को जल बचाने का महत्वपूर्ण संदेश भी दिया।
अभियान के तहत नगर के वार्ड नंबर 7, 8 और 9 के प्रमुख नालों और नालियों की सघन सफाई की गई। बारिश के पूर्व जल भराव की स्थिति न बने, इसके लिए परिषद की टीम ने कचरा और गंदगी को साफ कर जल निकासी का मार्ग सुगम बनाया। अध्यक्ष जी ने स्वयं उपस्थित होकर सफाई कार्य का निरीक्षण किया और कर्मचारियों को नियमित स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए।
बर्बादी रोकने के लिए नलों में लगाईं टोटियां
इस अभियान का सबसे अनूठा हिस्सा जल की बर्बादी को रोकना रहा। भ्रमण के दौरान जिन घरों या सार्वजनिक स्थानों पर नलों में टोटी नहीं लगी मिली, वहां नगर परिषद की टीम ने स्वयं अपने हाथों से टोटियां लगाईं।
जन-जागरूकता पर दिया जोर
नगर परिषद की टीम ने घर-घर जाकर लोगों को जल संरक्षण के प्रति जागरूक किया। कर्मचारियों ने लोगों को समझाया कि कम से कम पानी का इस्तेमाल कर कैसे पर्यावरण को सुरक्षित रखा जा सकता है। इस दौरान बड़ी संख्या में वार्डवासी और पार्षदगण उपस्थित रहे, जिन्होंने परिषद की इस पहल का स्वागत किया और जल बचाने का संकल्प लिया।