
रेहटी। शासकीय महाविद्यालय रेहटी में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व मनाया गया। इस दौरान भगवान श्रीकृष्ण की पूजा अर्चना की गई तो वहीं कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। कार्यालय आयुक्त उच्च शिक्षा विभाग के आदेश के परिपालन में शासकीय महाविद्यालय रेहटी जिला सीहोर में भगवान श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का आयोजन महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ अंजलि गढ़वाल के संरक्षण में किया गया। कार्यक्रम की संयोजक डॉ निधि मालवीय द्वारा भगवान श्रीकृष्ण के समक्ष दीप प्रज्वलित कर पूजा अर्चना व आरती की गई। इस अवसर पर राधा कृष्ण की झांकी एवं मटकी फोड़ प्रतियोगिता कराई गई। श्रीकृष्ण जन्मोत्सव से संबंधित प्रेरक प्रसंग पर व्याख्यान व कार्यक्रम में उनके अवदान एवं लोक कल्याणकारी जीवन गाथा से संबंधित संवाद एवं साहित्यिक परिचय का आयोजन भी किया गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में मनोज राठौर, डॉ एकता यादव, डॉ भावना शर्मा, डॉ डॉली दुबे, राजाराम रावत, डॉ मनमोहन द्विवेदी ने भगवान कृष्ण की बाल लीला, उनकी शिक्षा उनके प्रेम व त्याग, युद्ध कौशल, पराक्रम शक्ति से संबंधित जानकारी पुराण के आधार पर विद्यार्थियों को प्रदान की। उपस्थित विद्यार्थियों ने अत्यंत उत्साह से सुना और समझा। महाविद्यालय में भगवान श्रीकृष्ण का जन्म उत्सव बड़े हर्ष उल्लास के साथ मनाया गया। भगवान श्रीकृष्ण के जन्म उत्सव संबंधित वीडियो भी स्मार्ट क्लास में दिखाया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय स्टाफ एवं विद्यार्थी गण उपस्थित रहे।