
सीहोर। मध्यप्रदेश के बेरोजगार युवाओं सहित किसानों की आवाज बुलंद करने के लिए मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी युवा स्वाभिमान साइकिल यात्रा पर निकले हुए हैं। उनकी यात्रा इंदौर से रवाना होकर पहले दिन आष्टा पहुंची। जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजीव गुजराती ने बताया कि इंदौर, देवास और सोनकच्छ से शुरू हुई यह साइकिल यात्रा दौलतपुर, मेहतवाड़ा और डोडी होते हुए आष्टा पहुंची थी। यात्रा के दौरान जावर जोड़ पर छात्र-छात्राएं एवं चुनौतियां विषय पर एक सीधा संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें जीतू पटवारी ने छात्रों की समस्याएं सुनीं। इसके बाद आष्टा के पुराना दशहरा मैदान स्थित गोकुलधाम गार्डन में सांस्कृतिक कार्यक्रम और युवा संवाद के बाद यात्रा का रात्रि विश्राम हुआ। यात्रा बुधवार को आष्टा से रवाना होकर कोठरी, अमलाहा, सौंडा, नापली, मुगीसपुर, इंदौर नाका, बढ़ियाखेड़ी से होते हुए सीहोर मुख्यालय पहुंची। यहां कोतवाली चौराहे पर एक विशाल युवा स्वाभिमान जनसभा का आयोजन किया गया। इस सभा को पीसीसी चीफ जीतू पटवारी सहित कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं ने संबोधित किया। इस दौरान भाजपा सरकार को जमकर आड़े हाथों लिया। जीतू पटवारी के साथ कांग्रेस के जिलाध्यक्ष राजीव गुजराती सहित कई अन्य नेता, कार्यकर्ताओं ने भी साइकिल चलाई। राजीव गुजराती ने तो साइकिल के साथ दौड़ लगाकर अपनी फिटनेस भी दिखाई। इस दौरान कई अन्य नेता भी साइकिल चलाकर और दौड़ लगाकर अपनी फिटनेस दिखाते हुए भी नजर आए। इससे पहले सीहोर पहुंची युवा स्वाभिमान साइकिल यात्रा का जगह – जगह स्वागत हुआ, फूलों की बारिश भी की गई। यात्रा सीहोर से भोपाल पहुंचेगी और यहां कांग्रेस कार्यकर्ता व छात्र मिलकर मुख्यमंत्री आवास का घेराव करेंगे।
साइकिल यात्रा में साथ चले हनुमान”
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी की अगुवाई में निकाली जा रही 200 किलोमीटर लंबी साइकिल यात्रा साइक्लोथॉन बुधवार को जिला मुख्यालय आई और यहां से भोपाल के लिए रवाना हुई। इंदौर के देवी अहिल्या विश्वविद्यालय से शुरू हुई यह यात्रा बुधवार को सीहोर जिले के कोठरी कस्बे से आगे बढ़ी। इस यात्रा के जरिए कांग्रेस ने पेपर लीक, भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता और युवाओं के मुद्दों को लेकर प्रदेश की भाजपा सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। इस यात्रा का एक बड़ा आकर्षण टीवी सीरियल रामायण-2 में भगवान हनुमान का किरदार निभाने वाले अभिनेता विक्रम मस्ताल शर्मा रहे। विक्रम मस्ताल, जिन्होंने साल 2023 के विधानसभा चुनाव में बुधनी सीट से तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के खिलाफ कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ा था, इस यात्रा में कदम से कदम मिलाकर साइकिल चलाते दिखे। वे इंदौर से सीहोर और फिर वहां से भोपाल के लिए रवाना हुए। उनके साथ पूर्व मंत्री सचिन यादव भी साइकिल चलाते नजर आए। इस दौरान पूर्व विधायक शैलेंद्र पटेल भी साथ रहे। यात्रा के प्रति लोगों और कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। इंदौर-भोपाल हाईवे पर बड़ी संख्या में किसान अपने ट्रैक्टर लेकर पहुंचे और यात्रा का भव्य स्वागत किया। हालांकि इस भारी भीड़ के चलते दोपहर करीब 2 बजे फंदा के पास इंदौर-भोपाल हाईवे पर 2 से 3 किलोमीटर लंबा जाम लग गया, जिससे राहगीरों को थोड़ी परेशानी का सामना करना पड़ा।