ज्वेलरी शॉप में चोरी करने वाला कर्मचारी 48 घंटे में गिरफ्तार, 4 लाख के जेवर बरामद

सीहोर। आष्टा थाना अंतर्गत बुधवारा खरी खुंडी स्थित शिवशक्ति ज्वेलर्स में हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने महज 48 घंटों के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने दुकान में ही काम करने वाले आरोपी कर्मचारी को गिरफ्तार कर उसके पास से चोरी की गई पूरी चांदी बरामद कर ली है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार बीती 3 फरवरी को शिवशक्ति ज्वेलर्स के संचालक राजेंद्र सिंह पिता चंद्रसिंह की दुकान से दोपहर 1 से 3 बजे के बीच बड़ी मात्रा में चांदी के जेवर चोरी हो गए थे। चोरी का आरोप दुकान पर ही काम करने वाले कर्मचारी पर लगा था। पीड़ित दुकानदार की शिकायत पर थाना आष्टा में मामला दर्ज किया गया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुनीता रावत ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। एसडीओपी प्रवीण चड़ोकर एवं थाना प्रभारी गिरीश दुबे के मार्गदर्शन में एक विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर फरार आरोपी को धरदबोचा।
4 लाख के जेवर बरामद
पुलिस ने आरोपी सुमित राव निवासी ग्राम मालीखेड़ी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी किया गया माल बरामद किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लगभग 1 किलो 359 ग्राम चांदी के आभूषण बरामद किए, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 4 लाख रुपये बताई जा रही है।

Exit mobile version