बस्ती के बीच ‘टाइम बम’ बनी कबाड़ की कारें

सीहोर। जिला मुख्यालय के पलटन एरिया में शुक्रवार तडक़े जो मंजर दिखा, उसने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है। घनी आबादी के बीच अवैध रूप से जमा किया गया कबाड़ किसी ‘टाइम बम’ की तरह फटा और देखते ही देखते पांच कारें जलकर लोहे का कंकाल बन गईं।
बता दें हादसा सुबह करीब 4.30 बजे का बताया जा रहा है, जब पूरा इलाका गहरी नींद में था। जुबेर नामक व्यक्ति के घर के पास कबाड़ के रूप में खड़ी पुरानी और जर्जर गाडिय़ों में अचानक लपटें उठने लगीं। कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप ले लिया। गनीमत रही कि स्थानीय लोगों की नींद खुल गई और उन्होंने तुरंत मोर्चा संभाला। लोगों का कहना है कि यदि इन गाडिय़ों के टैंक में थोड़ा भी ईंधन बचा होता तो धमाका इतना जबरदस्त होता कि आसपास के कई मकान मलबे में तब्दील हो जाते।
दमकल की मुस्तैदी, पर बड़ा नुकसान
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। संकरी गलियों और घनी बस्ती के बावजूद दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक कबाड़ खाक हो चुका था। फिलहाल पुलिस आग लगने के असली कारणों की पड़ताल कर रही है, लेकिन प्रारंभिक तौर पर इसे सुरक्षा मानकों की अनदेखी माना जा रहा है।
मौत के गोदामों पर कार्रवाई कब
इस अग्निकांड ने प्रशासन की नींद उड़ा दी है और जनता के मन में डर पैदा कर दिया है। पलटन क्षेत्र के निवासियों का आरोप है कि रिहायशी इलाकों में नियमों को ताक पर रखकर कबाडख़ाने संचालित किए जा रहे हैं। स्थानीय नागरिकों ने दो-टूक शब्दों में कहा है कि आबादी वाले क्षेत्रों से इन कबाडख़ानों को तत्काल हटाया जाए। अवैध रूप से गाडिय़ां खड़ी करने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई हो। भविष्य में ऐसी घटना न हो, इसके लिए सुरक्षा ऑडिट किया जाए।



