
सीहोर। सावन मास के पवित्र महीने में सीहोर की जीवनदायिनी सीवन नदी से लेकर कुबेरेश्वरधाम तक आस्था और शिवभक्ति का अभूतपूर्व संगम देखने को मिल रहा है। कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा के आह्वान पर रोजाना हजारों श्रद्धालु सीवन नदी से पवित्र जल लेकर पैदल कुबेरेश्वरधाम पहुंच रहे हैं।
इस कांवड़ यात्रा का मुख्य आकर्षण भोपाल और आसपास के क्षेत्रों से आए कांवड़ यात्री रहे, जिन्होंने करीब 45 किलोमीटर की लंबी और कठिन दूरी पैदल तय कर कुबेरेश्वरधाम में भगवान शिव का जलाभिषेक किया। रिमझिम बारिश और मौसम की परवाह किए बिना श्रद्धालु श्री शिवाय नमस्तुभ्यं और हर-हर महादेव के जयकारों के साथ आगे बढ़ते रहे। रास्ते भर सामाजिक व धार्मिक संगठनों और विठलेश सेवा समिति द्वारा कांवड़ यात्रियों के लिए भोजन-प्रसादी एवं स्वागत की विशेष व्यवस्था की गई।
कल एमपी इन्फ्लुएंसर निकालेगा 11 किमी की कांवड़ यात्रा
इसी कड़ी में आज सोमवार दोपहर 1.00 बजे मध्य प्रदेश इन्फ्लुएंसर के तत्वावधान में सीवन नदी तट से कुबेरेश्वरधाम तक 11 किलोमीटर लंबी भव्य कांवड़ यात्रा निकाली जाएगी। इस यात्रा में प्रदेश भर से बड़ी संख्या में युवाओं और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स के शामिल होने की उम्मीद है।
17 और 25 अगस्त को भी आयेंगे कांवड़ यात्रियों के जत्थे
आयोजन समिति के अनुसार आगामी 17 अगस्त और 25 अगस्त को भी विशाल कांवड़ यात्राएं निकाली जाएंगी। विठलेश सेवा समिति के मीडिया प्रभारी मनोज दीक्षित ने बताया कि 25 अगस्त को आयोजित होने वाली भव्य कांवड़ यात्रा में कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा स्वयं सीवन नदी तट से कुबेरेश्वरधाम तक पैदल चलेंगे और बाबा का विशेष जलाभिषेक करेंगे। इसमें देश भर से लाखों श्रद्धालुओं के जुटने की संभावना है।