
सीहोर। जापान के आइची नागोया में चल रहे प्रतिष्ठित 5वें एशियाई पैरा गेम्स में भारत और मध्य प्रदेश का नाम रोशन करने वाली एक बड़ी खबर सामने आई है। सीहोर जिले के प्रतिभावान पैरा जूडो खिलाड़ी कपिल परमार ने अपनी शानदार खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया है। उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि से सीहोर सहित पूरे देश और प्रदेश में जश्न का माहौल है और बधाइयों का तांता लगा हुआ है।
कपिल परमार के भाई ललित परमार के अनुसार कपिल ने इससे पहले चीन में हुए एशियन गेम्स में 60 किलोग्राम वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए सिल्वर मेडल जीता था। इस बार कपिल ने अपनी श्रेणी बदलते हुए 70 किलोग्राम वर्ग में चुनौती स्वीकार की। इस कठिन प्रतिस्पर्धा में भी उन्होंने अपनी बेहतरीन तकनीक और हौसले का परिचय देते हुए शुरुआती मुकाबलों में लगातार तीन शानदार जीत दर्ज कीं और अंतत: देश के लिए कांस्य पदक पक्का कर दिखाया।
मंत्री विश्वास सारंग ने दी बधाई
कपिल परमार की इस शानदार सफलता पर मध्यप्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री विश्वास सारंग ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी खुशी जाहिर करते हुए उन्हें बधाई दी है। मंत्री विश्वास सारंग ने अपने पोस्ट में लिखा एक और मेडल, जापान में आयोजित एशियन पैरा गेम्स 2026 में मध्यप्रदेश के प्रतिभाशाली खिलाड़ी कपिल परमार ने पैरा जूडो प्रतिस्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर हम सबका मान बढ़ाया है। इस उपलब्धि से सम्पूर्ण देश व प्रदेश गौरवान्वित है। बहुत-बहुत शुभकामनाएं।