
सीहोर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 100 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भैरुंदा में विशाल पथ संचलन निकाला गया, जिसमें केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के पुत्र कार्तिकेय सिंह चौहान भी पूर्ण गणवेश में शामिल हुए। करीब एक हजार से अधिक स्वयंसेवकों ने घोष की धुन पर कदमताल करते हुए अनुशासन का प्रदर्शन किया।
पथ संचलन नगर के चारों ओर से स्वयंसेवकों को जोड़ता हुआ निकाला गया। करीब तीन किलोमीटर लंबे इस संचलन की शुरुआत सांदीपनी स्कूल से हुई और यह जेपी मार्केटए आजाद मार्केट, गांधी चौक, छोटा बाजार, सीहोर नाका, इंदौर रोड, सर्वहारा कॉलोनी, शास्त्री कॉलोनी होते हुए भोपाल मार्ग से वापस सांदीपनि स्कूल पहुंचकर संपन्न हुआ। मार्ग में जगह-जगह महिलाओं, कन्याओं, युवाओं और बुजुर्गों ने छतों से भी पुष्पवर्षा कर संचलन का भव्य स्वागत किया। सामाजिक संगठनों ने तोरणद्वार और रंगोली से स्वागत किया। कई स्थानों पर स्वयंसेवकों ने सडक़ों की सफाई की, जिससे अनुशासन और सेवा का संदेश गया।
चरित्र निर्माण और संगठन पर जोर
मुख्य कार्यक्रम सांदीपनि विद्यालय के खेल मैदान पर आयोजित हुआ। यहां स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए प्रांत सह व्यवस्था प्रमुख रामवीर कौरव ने कहा कि संघ का हर स्वयंसेवक राष्ट्र के लिए समर्पित है। उन्होंने कहा कि यह पथ संचलन संगठन की शक्ति, चरित्र निर्माण और समाज को संगठित करने के संकल्प को मजबूत करता है। कौरव ने बताया कि संघ की स्थापना विजयादशमी के दिन 1925 में डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार ने की थी। उन्होंने संघ की विचारधारा और वर्तमान लक्ष्यों पर विस्तार से बात की और स्वयंसेवकों से पंच परिवर्तन सामाजिक समरसता, कुटुंब प्रबोधन, पर्यावरण, स्वदेशी और नागरिक शिष्टाचार ृको अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।