
सीहोर। गणतंत्र दिवस 2026 के अवसर पर आयोजित जिला स्तरीय मुख्य समारोह में अंतरराष्ट्रीय कत्थक नृत्यांगना और नृत्य गुरु डॉ. रुपाली नवीन सोनी को उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया। सरस्वती कत्थक डांस कला केंद्र की डायरेक्टर डॉ. सोनी को यह सम्मान कला, संस्कृति और शास्त्रीय एवं लोक नृत्य के क्षेत्र में पिछले 10 वर्षों से दिए जा रहे अमूल्य योगदान के लिए दिया गया है।
समारोह के दौरान कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, जिला पंचायत सीईओ, स्थानीय विधायक, भाजपा जिलाध्यक्ष सहित अन्य गणमान्य अतिथियों ने डॉ. रुपाली को शील्ड और प्रशस्ति पत्र भेंट कर पुरस्कृत किया।
संस्कृति को सहेजने का संकल्प
बता दें डॉ. रुपाली सोनी ‘हमारी संस्कृति, हमारी विरासत’ के मंत्र को लेकर पिछले एक दशक से नई पीढ़ी को शास्त्रीय नृत्य से जोड़ रही हैं। उन्होंने कृष्ण लीला, राम लीला, सामाजिक समरसता और पंच परिवर्तन जैसे विषयों पर 4 से 16 वर्ष तक के बच्चों को तैयार कर राष्ट्रीय स्तर पर सीहोर का मान बढ़ाया है। उनके मार्गदर्शन में तैयार बच्चे स्वतंत्रता दिवस, गणतंत्र दिवस और मध्य प्रदेश स्थापना दिवस जैसे महत्वपूर्ण शासकीय आयोजनों में निरंतर अपनी प्रस्तुतियां दे रहे हैं।
हालिया उपलब्धियां
बीते एक माह के भीतर उनकी संस्था की छात्राओं ने हिंदू सम्मेलन, युवा संगम, गणतंत्र दिवस और भारत पर्व जैसे मंचों पर शानदार नृत्य प्रदर्शन कर दर्शकों और अतिथियों की खूब वाहवाही बटोरी है। डॉ. रुपाली की इस उपलब्धि पर माहेश्वरी समाज के पदाधिकारियों, विभिन्न धार्मिक-सामाजिक संगठनों, कला प्रेमियों और नगर के गणमान्य नागरिकों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।