
सीहोर। जिला मुख्यालय के समीपस्थ कुबेरेश्वर धाम में जारी सात दिवसीय रुद्राक्ष महोत्सव के तीसरे दिन आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा ने व्यासपीठ से शिव महापुराण की महिमा बताते हुए समाज को अंधविश्वास से बचने का कड़ा संदेश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि दुनिया के ढोंग और प्रपंच से बाहर निकलें। बाबाओं के चक्कर में पडऩे के बजाय भगवान शिव की शरण में रहें, क्योंकि महादेव पर किया गया भरोसा ही जीवन को सार्थक बनाता है।
महोत्सव में मंगलवार का दिन बेहद खास होने वाला है। विठ्ठलेश सेवा समिति के मीडिया प्रभारी मनोज दीक्षित ने बताया कि मंगलवार को बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री कुबेरेश्वर धाम पहुंचेंगे। इसके बाद 19 फरवरी को सुप्रसिद्ध कथावाचक देवकीनंदन ठाकुर और 20 फरवरी को कौशिक महाराज भी महोत्सव में शिरकत करेंगे। संतों के इस जमावड़े को लेकर प्रशासन और समिति ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं।
कैबिनेट मंत्री ने सराहा, बोले- सीहोर अब भक्ति की पहचान
कथा के तीसरे दिन प्रदेश के कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय मुख्य रूप से शामिल हुए। उन्होंने पंडित प्रदीप मिश्रा द्वारा बनाए जा रहे अस्पताल और भोजनालय जैसे सेवा कार्यों की मुक्त कंठ से प्रशंसा की। विजयवर्गीय ने कहा कि पहले सीहोर अपनी कचौरी के लिए जाना जाता था, लेकिन आज पंडित मिश्रा की शिव भक्ति के कारण यह वैश्विक मानचित्र पर अपनी पहचान बना चुका है। कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष नरेश मेवाड़ा और नपा अध्यक्ष प्रिंस राठौर का भी स्वागत किया गया।
एक लोटा जल, समस्या का हल
पंडित प्रदीप मिश्रा ने ओम नम: शिवाय मंत्र की शक्ति बताते हुए कहा कि प्रतिदिन महादेव को जल अर्पित करना ही सारी समस्याओं का समाधान है। उन्होंने माता सती के चरित्र का वर्णन करते हुए कहा कि हमारा सनातन धर्म पत्थर में भी परमात्मा प्रकट करने की शक्ति रखता है। पंडित जी ने भक्तों से अपील की कि वे निर्माणाधीन अस्पताल, धर्मशाला और गौ-सेवा में अपना सहयोग दें। साथ ही भीषण गर्मी को देखते हुए उन्होंने श्रद्धालुओं से स्वास्थ्य का ध्यान रखने और बार-बार पानी पीने का आग्रह किया।