सलकनपुर क्षेत्र में नहीं खुलेगी शराब दुकान, आज से शुरू हुई प्रक्रिया

सीहोर। मध्य प्रदेश सरकार द्वारा वर्ष 2026.27 के लिए घोषित नई आबकारी नीति के तहत जिले में मदिरा दुकानों की नीलामी प्रक्रिया आज से शुरू होने जा रही है। नीलामी प्रक्रिया आज 27 फरवरी से शुरू होकर 3 मार्च तक ईण्टेंडर के माध्यम से चलेगी।
बता दें पिछले वित्तीय वर्ष में जिले की शराब दुकानें 292 करोड़ रुपये में नीलाम हुई थीं। इस वर्ष सरकार ने आरक्षित मूल्य में 20 प्रतिशत की बढ़ोतरी की हैए जिसके चलते जिले के लिए 350 करोड़ रुपये के राजस्व का लक्ष्य रखा गया है। जिले की चारों विधानसभा क्षेत्रों सीहोर, आष्टा, बुदनी और इछावर की दुकानों के लिए अलग-अलग समूहों में टेंडर बुलाए गए हैं। पारदर्शिता बनाए रखने के लिए पूरी प्रक्रिया ई.ऑक्शन और ई.टेंडर के जरिए संपन्न होगी।
नर्मदा तट और सलकनपुर में पाबंदी
नई नीति में सरकार ने स्पष्ट किया है कि धार्मिक और प्राकृतिक शुचिता से कोई समझौता नहीं होगा। मां नर्मदा के प्रति आस्था को देखते हुए तट से 5 किलोमीटर की परिधि में कोई भी शराब दुकान संचालित नहीं होगी। इसी तरह जिले की प्रसिद्ध धार्मिक नगरी सलकनपुर में मदिरा की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। शासन ने यह भी साफ कर दिया है कि पूरे प्रदेश में एक भी नई शराब दुकान नहीं खोली जाएगी।
सिंडिकेट और एकाधिकार पर लगेगी लगाम
शराब माफिया और बड़े समूहों के एकाधिकार के लिए इस बार कड़ा नियम बनाया गया है। अब कोई भी एक समूह अधिकतम 5 दुकानों से ज्यादा का ठेका नहीं ले सकेगा। साथ ही पुराने ठेकेदारों को मिलने वाली नवीनीकरण की सुविधा खत्म कर दी गई है। अब हर दुकान के लिए नए सिरे से बोली लगानी होगी, जिससे छोटे कारोबारियों को भी इस क्षेत्र में आने का मौका मिलेगा।
सुरक्षा के कड़े नियम
जालसाजी और फर्जीवाड़े को रोकने के लिए विभाग ने सुरक्षा राशि के नियमों में बदलाव किया है। अब केवल ई.चालान या ई.बैंक गारंटी ही स्वीकार की जाएगी। पुरानी कागजी गारंटी या सावधि जमा मान्य नहीं होगी। जिला आबकारी अधिकारी के अनुसार दुकानों के समूहों को आरक्षित मूल्य के आधार पर तीन से चार बैचों में बांटा गया है ताकि नीलामी सुचारू रूप से हो सके।
नई नीति के साथ होगी प्रक्रिया
जिले में नई आबकारी नीति के तहत पूरी पारदर्शिता के साथ नीलामी प्रक्रिया संपन्न कराई जाएगी। ई.टेंडरिंग के माध्यम से ठेके दिए जाएंगे और शासन के दिशा निर्देशों जैसे नर्मदा तट से दूरी का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाएगा।
दीप सिंह राठौर, जिला आबकारी अधिकारी सीहोर



