पुलिस की अवैध शराब पर बड़ी कार्रवाई, लग्जरी कार से 54 लीटर शराब जब्त

सीहोर। अवैध शराब और मादक पदार्थों के परिवहन व बिक्री के खिलाफ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत भैरूंदा थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने एक सफेद रंग की आई.20 कार से भारी मात्रा में अवैध देशी शराब बरामद की है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर कार और शराब सहित कुल 8 लाख 30 हजार 500 रुपये का मश्रूका जब्त किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक सफेद रंग की कार में अवैध शराब भरकर रेहटी-भैरूंदा मार्ग से होते हुए सीहोर की ओर ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही भैरूंदा थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सीहोर रोड स्थित झुलेलाल ढाबे के पास नाकाबंदी और घेराबंदी की। कुछ ही देर में संदिग्ध कार आती दिखाई दी। चालक ने पुलिस को देखकर कार को तेज गति से भगाने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम ने सूझबूझ से घेराबंदी कर वाहन को सुरक्षित रोक लिया।
कार की डिग्गी से बरामद हुई 54 लीटर शराब
कार रोकने के बाद चालक से पूछताछ की गई, जिसने अपना नाम संतोष साहू पिता गुलाब सिंह साहू निवासी ग्राम छिदगांव मोजी थाना भैरूंदा बताया। जब पुलिस टीम ने कार की तलाशी ली तो उसकी डिग्गी से 05 पेटी देशी शराब 45 लीटर, 01 पेटी देशी मसाला 09 लीटर, कुल बरामद शराब 54 लीटर अनुमानित कीमत 30 हजार 500 रुपए जब्त की है।
आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने मौके पर ही 30 हजार 500 रुपये कीमत की 54 लीटर अवैध शराब और परिवहन में इस्तेमाल की गई 8 लाख रुपये कीमत की कार को जब्त कर लिया। आरोपी संतोष साहू के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।

Exit mobile version