
सीहोर। मध्य प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी के 400 केवी सबस्टेशन आष्टा में चोरों के मंसूबों पर सुरक्षाकर्मियों ने पानी फेर दिया। ड्यूटी पर तैनात आउटसोर्स सुरक्षाकर्मी ललित मालवीय और उनकी टीम ने सतर्कता और सूझबूझ का परिचय देते हुए चोरी करने घुसे 5 बदमाशों में से 3 को रंगे हाथों धर दबोचा और पुलिस के हवाले कर दिया। सुरक्षाकर्मियों की इस मुस्तैदी से न सिर्फ कंपनी का बड़ा आर्थिक नुकसान बचा, बल्कि क्षेत्र में होने वाले एक बड़े संभावित बिजली संकट की आशंका भी टल गई।
अधिकारियों के अनुसार बदमाश जिन आवश्यक उपकरणों को चुराने का प्रयास कर रहे थे, वे आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए सबस्टेशन में रखे गए थे। यदि आरोपी चोरी में सफल हो जाते और उस दौरान कोई तकनीकी खराबी आ जाती तो उपकरणों के अभाव में बिजली आपूर्ति बहाल करने में भारी कठिनाई होती। इसके कारण लंबे समय तक कई क्षेत्रों की बिजली गुल रह सकती थी।
सुरक्षा गार्ड ललित मालवीय ने दिखाई तत्परता
घटना के दौरान ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा गार्ड ललित मालवीय ने हिम्मत और चतुराई दिखाते हुए बदमाशों को घेरा। उनके प्रयास से 3 चोर मौके पर ही पकड़ लिए गए, जबकि उनके 2 साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे। पकड़े गए आरोपियों के पास से एक मोबाइल फोन भी बरामद हुआ है। पुलिस जांच में पुष्टि हुई है कि वह मोबाइल भी किसी अन्य थाना क्षेत्र से चोरी किया गया था।
एफआईआर दर्ज, फरार आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए चोरी के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है और पकड़े गए तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस फरार बदमाशों की तलाश के साथ-साथ यह भी पता लगा रही है कि इस गिरोह ने पहले भी कहां-कहां चोरी की वारदातों को अंजाम दिया है।