देवीलोक महोत्सव के तहत 16 मई से गांव तथा नगरों में होंगे अनेक कार्यक्रम

सांसद-कलेक्टर ने वर्चुअली मीटिंग कर अनुविभाग तथा ग्राम स्तरीय समिति को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

सीहोर। आगामी 16 मई से प्रारंभ होने वाली देवी लोक महोत्सव के आयोजन के संबंध में सांसद रमाकांत भार्गव तथा कलेक्टर प्रवीण सिंह ने बुधनी विधानसभा की अनुविभागीय स्तरीय समिति तथा ग्राम स्तरीय समिति के सदस्यों के साथ वर्चुअल मीटिंग आयोजित की। मीटिंग में उन्होंने समिति के सदस्यों से देवीलोक महोत्सव में हर गांव – हर नगर के नागरिकों को अधिक से अधिक संख्या में जोड़ने तथा देवी लोक के निर्माण में सहभागी बनाने के लिए कहा।
सासंद श्री भार्गव ने अनुविभागीय एवं ग्राम स्तरीय देवीलोक महोत्सव आयोजन समिति के सभी सदस्यों से कहा कि सभी गांव तथा नगरों में निर्धारित कार्यक्रम के अनुरूप उत्साह पूर्वक आयोजन किए जाए। देवीलोक के निर्माण में प्रत्येक घर से एक शिला (ईंट) का संकलन कर इस पुनीत कार्य में सभी नागरिकों को भावनात्मक रूप से जोड़े। मीटिंग में कलेक्टर श्री सिंह ने ग्रामीण तथा नगरीय क्षेत्रों में देवीलोक महोत्सव के पूर्व आयोजित होने वाले कार्यक्रमों तथा देवीलोक महोत्सव के अवसर पर तीन दिवसीय कार्यक्रमों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर बैठक कर देवी लोक महोत्सव के लिए सकारात्मक वातावरण का निर्माण करें। ताकि अधिक से अधिक व्यक्ति देवीलोक निर्माण के पुनीत कार्य से जुड़ सके। इसके साथ ही उन्होंने देवीलोक महोत्सव का व्यापक एवं प्रभावी रूप से प्रचार-प्रसार करने के लिए भी कहा।
गांव तथा नगरों में यह होंगे कार्यक्रम –
कलेक्टर प्रवीण सिंह ने बताया कि देवीलोक महोत्सव के पूर्व क्षेत्र अंतर्गत ग्राम तथा नगर के मंदिरों एवं धार्मिक स्थलों में साफ-सफाई तथा रंगरोगन कर आकर्षक विधुत सज्जा की जाएगी। देवीलोक महोत्सव का क्षेत्र में प्रचार रथ के माध्यम से प्रचार-प्रसार भी किया जाएगा। ग्रामों तथा नगरीय निकायों में अधिक से अधिक नागरिक महोत्सव में शामिल हो, इसके लिए दीवार लेखन तथा प्रमुख स्थानों पर फ्लेक्स एवं बैनर लगाकर प्रचार-प्रसार किया जाएगा। सभी गांव तथा नगरों में ढोल-नगाढ़ों के साथ शिला एवं चुनरी यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा में प्रत्येक घर से एक शिला (ईंट) संकलित की जाएगी। यात्रा पर गुलाल एवं पुष्पवर्षा भी की जाएगी।
देवीलोक महोत्सव के मुख्य कार्यक्रम –
कलेक्टर प्रवीण सिंह ने बताया कि देवीधाम सलकनपुर में 29 मई से 31 मई तक दिन दिवसीय देवीलोक महोत्सव मनाया जाएगा। देवीलोक महोत्सव के दौरान अनेक सांस्कृति तथा धार्मिक कार्यक्रम एवं विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। देवीलोक महोत्सव में 29 मई को रंगोली प्रतियोगिता, कलश एवं पूजा की थाली सजाओ प्रतियोगिता, मिट्टी के दीए सजाओ प्रतियोगिता, माता का श्रंगार प्रतियोगिता, महिला भजन मंडल द्वारा भजन तथा 51,000 दीपों का प्रज्वलन किया जाएगा। इसी प्रकार 30 मई को पुरूषों की भजन मण्डली प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। देवीलोक महोत्सव के तीसरे दिन 31 मई को आयोजित होने वाले मुख्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान शामिल होंगे। मुख्य कार्यक्रम दिवस पर माताजी की चुनरी, शिला, कलश यात्रा, वैद्विक रीति से स्वस्ति गान तथा मंत्रोच्चार, भूमि पूजन तथा शिला पूजन, धर्मगुरुओं एवं कथा वाचकों का सम्मान तथा प्रसिद्ध कलाकार द्वारा भजनो की प्रस्तुति दी जाएगी।

Exit mobile version