31 लाख से जगमगाएगा मरीह माता मंदिर, हाईमास्ट और टीन शेड निर्माण का भूमि पूजन

सीहोर। शहर के प्रमुख धार्मिक स्थल विश्रामघाट स्थित मां चौसठ योगिनी मरीह माता मंदिर का जल्द ही कायाकल्प होने जा रहा है। आगामी दिनों में यह मंदिर परिसर हाईमास्ट की दुधिया रोशनी से जगमगाएगा। साथ ही श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए टीन शेड का निर्माण और परिसर में डामरीकरण भी किया जाएगा।
गुरुवार को 31 लाख रुपये की लागत के इन विकास कार्यों का भूमि पूजन भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश मेवाड़ा के मुख्य आतिथ्य में किया गया। खास बात यह रही कि भूमि पूजन का कार्य कन्याओं और मातृ शक्ति के हाथों संपन्न कराया गया। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश मेवाड़ा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी विकास के साथ-साथ सनातन धर्म को भी साथ लेकर चलती है। उन्होंने बताया कि वर्तमान नगर पालिका परिषद द्वारा दो दर्जन से अधिक मंदिरों का जीर्णोद्धार किया गया है। उन्होंने कहा कि यह प्रसिद्ध मरीह माता मंदिर हजारों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है। यहां लाखों रुपए की लागत से टीन शेड का निर्माण होने से अब श्रद्धालुओं को बारिश और धूप से राहत मिलेगी।
क्षेत्रवासियों की मांग पर शीघ्र निर्माण
नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर ने बताया कि मंदिर के व्यवस्थापक गोविन्द मेवाड़ा, रोहित मेवाड़ा सहित क्षेत्रवासियों और श्रद्धालुओं के अनुरोध पर यह निर्णय लिया गया। उन्होंने कहा कि स्थानीय पार्षद एवं नगर पालिका उपाध्यक्ष विपिन शास्ता से चर्चा कर निर्माण कार्य की रूपरेखा तैयार की गई है और अब शीघ्र ही टीन शेड और प्रकाश व्यवस्था का कार्य शुरू किया जाएगा। भूमिपूजन के दौरान भाजपा महामंत्री राजकुमार गुप्ता, नगर मंडल अध्यक्ष सुदीप प्रजापति, जितेन्द्र तिवारी, मनोज दीक्षित सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और श्रद्धालु उपस्थित रहे।