सीहोर-रेहटी। भाजपा का चकल्दी मंडल लगातार अपनी कार्यप्रणाली को लेकर चर्चाओं में है। अब मंडल के युवा मोर्चा की आपसी कलह सामने आई है। इसमें भाजयुमो के मंडल अध्यक्ष महेंद्र पटेल ने अपने लेटरहेड पर एक आदेश जारी कर दिया, जिसमें चकल्दी मंडल में महामंत्री पुनीत यादव को हटाकर प्रीतम राजपूत चंद्रपुरा को मोर्चा का मंडल महामंत्री नियुक्त किया गया है। यह आदेश सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। इस आदेश में युवा मोर्चा के मंडल अध्यक्ष ने संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों को भी धत्ता बताते हुए साइड लाइन करके आदेश जारी कर दिया। इससे पहले भाजपा का चकल्दी मंडल अपने परफार्मेंस को लेकर भी चर्चाओं में रहा है। इस बार त्रि-स्तरीय पंचायत चुनाव में चकल्दी मंडल के अधीन आने वाली ग्राम पंचायतों एवं जिला व जनपद पंचायतों में भाजपा समर्थित प्रत्याशियों की भी हार हुई है। मंडल अध्यक्ष शेषनारायण पंवार अपने पिताजी को भी नहीं जीता सके हैं। संगठन के कार्यक्रमों एवं आयोजनों को लेकर भी मंडल पदाधिकारियों की दिलचस्पी कम ही रहती है।
भाजपा की ‘रीढ़’ है युवा मोर्चा-
भारतीय जनता युवा मोर्चा भारतीय जनता पार्टी की रीढ़ है, नाक है। युवा मोर्चा हमेशा से बेहद अहम भूमिका में रहता है। पंचायत चुनाव हो, विधानसभा चुनाव हो या फिर लोकसभा चुनाव हो, सभी में युवा मोर्चा की अहम जिम्मेदारियां होती हैं। इसके अलावा संगठन के कार्यों में भी युवा मोर्चा बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाता आया है। वर्तमान में भी युवा मोर्चा के पास पौधरोपण का अहम कार्य है, लेकिन कहीं न कहीं चकल्दी मंडल के युवा मोर्चा की आपसी कलह मोर्चा के लिए शुभ संकेत नहीं है।
इनका कहना है-
चकल्दी मंडल के युवा मोर्चा अध्यक्ष द्वारा गलतफहमी में एक पत्र निकाल दिया गया है। आपसी कलह जैसा कुछ भी नहीं है। युवा मोर्चा एक परिवार है और परिवार में कई बार ऊंच-नीच हो जाती है। मोर्चा में सब सामान्य है। कोई भी नियुक्ति या किसी को भी नहीं हटाया गया है।
– भूपेंद्र पाटीदार, जिलाध्यक्ष, भारतीय जनता युवा मोर्चा, सीहोर
गलतफहमी होने के कारण पत्र जारी हुआ है। अब संगठन की अनुमति से दूसरा पत्र जारी करके यथावत किया जाएगा। आपसी कलह जैसी कोई बात नहीं है।
– महेंद्र पटेल, भाजयुमो मंडल अध्यक्ष, चकल्दी