
सुमित शर्मा, सीहोर
9425665690
सीहोर को विकास का नया प्रिंस मिल गया। विकास प्रिंस राठौर को सीहोर की जनता ने अपना प्रथम नागरिक चुना है। अब प्रथम नागरिक होने के नाते प्रिंस राठौर ने अपनी प्राथमिकताएं भी तय कर ली हैं। उनकी प्राथमिकताओं में सबसे पहली जरूरत है नगरवासियों को शुद्ध एवं पर्याप्त पेयजल उपलब्ध करवाना, जिसके लिए उन्होंने तैयारियां भी शुरू कर दी हैं। प्रिंस राठौर कहते हैं कि उनकी सबसे पहली प्राथमिकता नगरवासियों को पेयजल उपलब्ध करवाना है और इस कार्य को सबसे पहले किया जाएगा। इसके अलावा नगर का विकास, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सहित कई अन्य प्राथमिकताएं भी तय की हैं। इन पर काम करेंगे। मध्य स्वदेश ने उनसे कई मुद्दों पर चर्चा की। पेश है चर्चा के मुख्य अंश…
सवाल : आपको सीहोर की जनता ने अपना प्रथम नागरिक चुना है। क्या प्राथमिकताएं हैं?
जबाव : देखिए, मैं सबसे पहले आपके माध्यम से सीहोर की जनता का आभार, धन्यवाद ज्ञापित करना चाहता हूं, जिन्होंने मुझे सेवा करने का अवसर प्रदान किया है। मैं दिन-रात सीहोरवासियों की सेवा के लिए तत्पर हूं एवं रहूंगा भी। मेरी पहली प्राथमिकता सीहोरवासियों को शुद्ध एवं पर्याप्त पेयजल उपलब्ध करवाना है। सीहोर की यह सबसे बड़ी समस्या भी रही है, लेकिन अब सबसे पहले इसी समस्या को दूर करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। हमारी प्राथमिकता में पानी की समस्या सबसे पहले है। इसके अलावा सीहोर नगर को स्वच्छता सर्वे में टॉप पर लाना है। इसके लिए भी हम रणनीति बनाकर काम करेंगे।
सवाल : सीहोर के विकास कार्यों को लेकर क्या सोचते हैं?
जबाव : सीहोर नगर विधायक सुदेश राय जी के नेतृत्व में विकास के पथ पर लगातार आगे बढ़ता रहा है। यहां पर कई विकास कार्यों को अमलीजामा पहनाया गया है। कई विकास कार्यों को लेकर कवायद भी जारी है। हमने वर्तमान में चल रहे कार्यों को लेकर नगर पालिका परिषद के अधिकारियों के साथ बैठकर चर्चाएं की हैं। स्वीकृत विकास कार्यों को लेकर भी जानकारियां ली हैं। जल्द ही इन कार्यों को शुरू कराया जाएगा।
सवाल : सीहोर नगर को स्मार्टसिटी बनाने की भी घोषणा हुई थी। इसको लेकर क्या रणनीति है?
जबाव : जी बिल्कुल, सीहोर स्मार्टसिटी बने, इसके लिए हमारे प्रदेश के मुखिया मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी यही सोचते हैं एवं वे सीहोर के विकास के लिए कोई कोर-कसर भी नहीं छोड़ रहे हैं। सीहोर को स्मार्टसिटी बनाया जाएगा और इसके लिए हर स्तर से तैयारियां जारी हैं। जल्द ही इसके परिणाम भी जमीन पर दिखने लगेंगे।
सवाल : पहले आपके दादाजी भी नगर पालिका अध्यक्ष रहे हैं और अब पोते को यह कुर्सी मिली?
जबाव : (मुस्कुराते हुए), इसे संयोग ही कहा जाएगा कि वर्ष 1995 में मेरे दादाजी स्वर्गीय बेनीप्रसाद राठौर भी नगर पालिका सीहोर के अध्यक्ष बने थे। अब सीहोरवासियों ने मुझे भी यह अवसर दिया है। इसके लिए मैं नगरवासियों का कृतग्य भी हूं कि उन्होंने मुझे सेवा का मौका दिया है।
सवाल : राजनीति की शुरुआत कैसे और कहां से की है?
जबाव : राजनीति यूं तो मुझे विरासत में मिली है। मेरे दादाजी भी सक्रिय राजनीति में रहे हैं। वैसे मैंने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत वर्ष 2008 में छात्र राजनीति से की थी। उसके बाद वर्ष 2011 में मुझे युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष बनाया गया। यह दायित्व लगातार दो बार मिला। वर्तमान में भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष का दायित्व भी मिला हुआ है।
सवाल : इस बार नगर पालिका चुनाव में जहां कश्मकश थी, तो वहीं आप वार्ड 15 से निर्विरोध चुनकर आए। कैसे प्रबंधन किया?
जबाव : देखिए, इसमें प्रबंधन जैसा कुछ नहीं था। ये सब तो वार्डवासियों का स्नेह और प्यार रहा, जिन्होंने मुझे निर्विरोध चुन लिया।
सवाल : राजनीति के साथ में अब नगरपालिका अध्यक्ष का महत्वपूर्ण दायित्व, इन सबके बीच में परिवार के साथ कैसा सामंजस्य बैठाते हैं?
जबाव : देखिए, 12 अगस्त 2022 से एक लाख 25 हजार लोग मेरे परिवार के सदस्य हैं। अब सीहोर नगरवासी मेरे परिवार का एक हिस्सा हैं। मैं अब अपने परिवार के बीच में हूं।
सवाल : आप खुद भी युवा हैं और अब युवाओं को लेकर क्या करने का इरादा रखते हैं। युवाओं के लिए क्या संदेश देना चाहते हैं?
जबाव : युवा हमारे देश का भविष्य हैं। युवाओं के लिए बेहतर से बेहतर रोजगार उपलब्ध हो, वे ज्यादा से ज्यादा स्वरोजगार को अपनाएं और दूसरों को भी रोजगार दें। मैं मानता हूं कि ज्यादा से ज्यादा युवा राजनीतिक क्षेत्र में आए, सामाजिक क्षेत्र में आए। वे तैयारियां करके आईएएस, आईपीएस के लिए चुने जाएं। मैं युवाओं से कहना चाहता हूं कि वे राजनीतिक-सामाजिक क्षेत्र को भी चुनें, क्योंकि भविष्य में युवाओं के हाथों में ही देश एवं राजनीति की कमान होगी।