Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशरेहटीसीहोर

नंदगांव नकबजनी का पर्दाफाश, 65 लाख के जेवरात समेत पारदी गैंग के 8 सदस्य गिरफ्तार

सीहोर। जिले के नंदगांव में हुई लाखों की चोरी की वारदात को सुलझाने में भैरूंदा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने अंतर्राज्यीय पारदी गैंग का भंडाफोड़ करते हुए 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें महिलाएं भी शामिल हैं। आरोपियों के कब्जे से करीब 40 तोला सोना और 800 ग्राम चांदी के जेवरात बरामद किए गए हैं, जिनकी कुल कीमत लगभग 65 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार घटना 17 फरवरी की है, जब नंदगांव निवासी फरियादी देवी सिंह भाटी अपने परिवार के साथ एक रिश्तेदार के घर गए थे। शाम को जब वे वापस लौटे तो घर के कमरों और गोदरेज की अलमारी के ताले टूटे मिले। अज्ञात चोरों ने घर में रखे सोने-चांदी के बेशकीमती आभूषण पार कर दिए थे। फरियादी की रिपोर्ट पर पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
कचरा बीनने के बहाने रेकी, फिर वारदात
पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने चोरी का जो तरीका बताया वह चौंकाने वाला है। यह गैंग कचरा बीनने के बहाने मोहल्लों में घूमता था और ताले लगे घरों की रेकी करता था। वारदात के समय गैंग के पुरुष सदस्य घर से दूर खड़े होकर निगरानी करते थे, जबकि महिलाएं घर में घुसकर ताले तोड़ती थीं और चोरी को अंजाम देती थीं, ताकि किसी को शक न हो।
पंजाब तक पीछा कर पकड़े गए आरोपी
पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला के निर्देशन में गठित टीम ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिरों की मदद से जांच शुरू की। घटना के 8 दिन बाद पुलिस ने इछावर क्षेत्र से एमरसपाल पारदी, मधु, चंदा और एक बाल अपचारी को पकड़ा। इनकी निशानदेही पर खेत में गड्ढा खोदकर छिपाए गए जेवरात बरामद हुए। पूछताछ में पता चला कि गैंग के बाकी सदस्य चोरी का माल लेकर पंजाब भाग गए हैं। पुलिस टीम ने पंजाब दबिश देकर आरोपी राजेन्द्र, करन, दिव्या और हलिका पारदी को भी गिरफ्तार कर लिया।
बरामद मशरूका
पुलिस ने आरोपियों के पास से करीब 65 लाख रुपये का मशरूका जब्त किया है जिसमें सोना 40 तोला, 2 बाजूबंद, कंगन, हार, चैन, अंगूठियां, नथ, पेंडल और अन्य छोटे आभूषण। चांदी में 800 ग्राम के रूप में 6 जोड़ी पायल, हाथ के कड़े, बिछिया और चांदी के सिक्के शामिल हैं। वारदात में इस्तेमाल की गई तीन मोटरसाइकिलें भी जब्त की गई हैं।
इनकी रही मुख्य भूमिका
इस बड़ी कार्रवाई में एसडीओपी रोशन कुमार जैन, थाना प्रभारी घनश्याम दांगी, उप निरीक्षक पूजा सिंह राजपूत, कौशलेन्द्र सिंह बघेल, राजेश यादव सहित साइबर सेल और इछावर पुलिस टीम का विशेष योगदान रहा। गिरफ्तार किए गए सभी 8 आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है, जबकि दो अन्य फरार नाबालिगों की तलाश जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button