नर्मदा को छलनी किया जा रहा, फैक्ट्रियों का गंदा पानी और अधूरा पथ व्यथित करता है: विक्रम मस्ताल

सीहोर। कांग्रेस नेता विक्रम मस्ताल ‘हनुमानजी’ ने मां नर्मदा की पावन परिक्रमा पूर्ण करने के पश्चात अपनी पीड़ा व्यक्त की है। मंगलवार को शहर के एक निजी होटल में आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्होंने नर्मदा नदी की वर्तमान स्थिति और परिक्रमा मार्ग की बदहाली पर गंभीर सवाल उठाए।
मस्ताल ने कहा कि परिक्रमा के दौरान उन्होंने देखा कि कई स्थानों पर फैक्ट्रियों का जहरीला और गंदा पानी सीधे मोक्षदायिनी नर्मदा में मिल रहा है जो आस्था और पर्यावरण दोनों के लिए खतरे की घंटी है। उन्होंने व्यवस्थाओं पर प्रहार करते हुए कहा एक ओर हम नर्मदा को मां मानकर पूजते हैं, वहीं दूसरी ओर उसे प्रदूषित कर छलनी किया जा रहा है। परिक्रमा वासियों में इस अनदेखी को लेकर भारी आक्रोश है।
उन्होंने बताया कि हजारों किलोमीटर की इस कठिन यात्रा में श्रद्धालुओं को मूलभूत सुविधाओं के अभाव और अधूरे नर्मदा पथ के कारण जान जोखिम में डालकर चलना पड़ता है। मस्ताल ने प्रशासन से अपील की है कि परिक्रमा मार्ग को व्यवस्थित करने और नदी के संरक्षण के लिए तत्काल ठोस कदम उठाए जाएं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते सुधार नहीं हुआ तो यह करोड़ों लोगों की आस्था के साथ बड़ा खिलवाड़ होगा।

Exit mobile version