
सीहोर। राष्ट्रीय एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार आज शनिवार को जिले भर में नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया जा रहा है। जिला न्यायालय परिसर में प्रधान जिला न्यायाधीश प्रकाश चंद्र आर्य ने इस विशेष अदालत का शुभारंभ किया। इस लोक अदालत का मुख्य उद्देश्य वर्षों से लंबित विवादों को आपसी सहमति और समझौते के जरिए तुरंत सुलझाना है।
आम जनता की सुविधा के लिए पूरे जिले में कुल 24 खंडपीठों का गठन किया गया है। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव स्वप्नश्री सिंह ने बताया कि अदालत में न्यायालयों में लंबित 2030 राजीनामा योग्य प्रकरण रखे गए हैं। इनमें चेक बाउंसए वैवाहिक विवाद, बिजली चोरी और आपराधिक मामले शामिल हैं। इसके अलावाए कोर्ट पहुंचने से पहले के प्री-लिटिगेशन लगभग 14500 प्रकरणों पर भी विचार किया जा रहा है, जिनमें बैंक रिकवरी, जलकर और बीएसएनएल से जुड़े मामले प्रमुख हैं। जिले में 25 खण्डपीठों पर मामले की सुनवाई की जा रही है, इस खण्डपीटों में सीहोर में 09, भैरुंदा 06, आष्टा 05, बुधनी 03 और इछावर व उपभोक्ता फोरम 01-01 खंडपीठ शामिल हैं।
छूट का मिल रहा लाभ, ट्रैफिक चालान भी होंगे साफ
लोक अदालत में पहुंचने वाले पक्षकारों को शासन की ओर से विशेष राहत दी जा रही है। बिजली बिलों के बकाया, संपत्ति कर और जलकर के अधिभार में भारी छूट का प्रावधान है। साथ ही इस बार बड़ी संख्या में ट्रैफिक चालानों को भी शामिल किया गया है, ताकि नागरिक कम खर्च और बिना कानूनी उलझन के अपने चालानों का निपटारा कर सकें।
