Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशरेहटीसीहोर

जनगणना कार्य में कोताही बर्दाश्त नहीं, गंभीरता से प्रशिक्षण लें कर्मचारी: कलेक्टर बालागुरु

सीहोर। जिला पंचायत सभाकक्ष में आयोजित समय सीमा बैठक के दौरान कलेक्टर बालागुरु के. ने आगामी जनगणना कार्य को लेकर सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जनगणना एक अत्यंत महत्वपूर्ण और जिम्मेदारीपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, इसलिए सभी संबंधित अधिकारी और कर्मचारी पूरी गंभीरता के साथ प्रशिक्षण प्राप्त करें और त्रुटिहीन जानकारी दर्ज करें।
टीएल बैठक के दौरान कलेक्टर बालागुरु के. ने निष्पक्ष, पारदर्शी एवं पूर्ण निष्ठा के साथ मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य को संपन्न कराने पर सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि सभी ने टीम भावना के साथ कार्य करते हुए निर्धारित समयसीमा में अपने दायित्वों का सपल निर्वहन किया है। कलेक्टर ने मतदाता सूची के कार्य को लोकतांत्रिक प्रक्रिया की आधारशिला बताया। साथ ही उन्होंने रूद्राक्ष महोत्सव के सफल आयोजन के लिए भी समस्त विभागीय अमले को बधाई दी। उन्होंने कहा कि आयोजन के दौरान बेहतर समन्वय एवं व्यवस्थाओं के कारण कार्यक्रम सफल रहा।
बैठक में कलेक्टर बालागुरु ने जनगणना के संबंध में निर्देश देते हुए कहा कि जनगणना का कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण एवं जिम्मेदारीपूर्ण दायित्व है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को गंभीरता से प्रशिक्षण प्राप्त करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि प्रशिक्षण में दी गई सभी जानकारियों को भली-भांति समझकर कार्य करें। उन्होंने जनगणना कार्य को पूरी निष्ठा, सटीकता एवं समयबद्ध तरीके से संपादित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने बैठक में नेशनल हाइवे एवं रेल परियोजनाओं के लिए भू.अर्जन कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में विलंब न हो, इसके लिए संबंधित अधिकारी समय सीमा में कार्रवाई सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने वन ग्रामों को राजस्व ग्रामों में संपरिवर्तित करने की प्रक्रिया को गति देने तथा वनाधिकार दावों की नियमित समीक्षा करने के भी निर्देश दिए।
कलेक्टर ने गिरदावरी कार्य में सरसों के साथ-साथ उद्यानिकी फसलों को भी शामिल करने के निर्देश दिए, ताकि वास्तविक उत्पादन का सही आकलन हो सके। उन्होंने गेहूं उपार्जन के लिए प्रतिदिन अधिक से अधिक किसानों का पंजीयन कराने तथा प्रगति की सतत मॉनिटरिंग करने को कहा। साथ ही उन्होंने ई.टोकन व्यवस्था के माध्यम से खाद वितरण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए, ताकि किसानों को निर्धारित समय पर उर्वरक उपलब्ध हो सके और अनियमितताओं पर रोक लगाई जा सके। बैठक में अपर कलेक्टर वृंदावन सिंह, संयुक्त कलेक्टर वंदना राजपूत, जमील खान, रविंद्र परमार, एसडीएम नितिन टाले, तन्मय वर्मा, स्वाति मिश्रा, डिप्टी कलेक्टर प्रेम सिंह गौंड़ सहित सभी विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित थे।
नरवाई जलाने पर सख्ती
बैठक में कलेक्टर बालागुरु के. ने जिले में नरवाई जलाने की घटनाओं पर सख्ती से रोक लगानें के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि नरवाई जलाने से पर्यावरण प्रदूषण बढ़ता है, भूमि की उर्वरता प्रभावित होती है तथा आमजन के स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल असर पड़ता है। कलेक्टर ने राजस्व, कृषि एवं ग्रामीण विकास विभाग के अधिकारियों को संयुक्त रूप से निगरानी रखने तथा ऐसे मामलों में तत्काल दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों को जागरूक करना भी आवश्यक है। कृषि एवं संबंधित विभागों द्वारा पंचायतों में बैठकों एवं प्रचार प्रसार के माध्यम से नरवाई प्रबंधन के वैकल्पिक उपायों की जानकारी दी जाए, ताकि किसान पर्यावरण संरक्षण में सहभागी बन सकें।
संकल्प से समाधान अभियान
बैठक में कलेक्टर बालागुरु के. ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि संकल्प से समाधान अभियान के अंतर्गत अधिक से अधिक हितग्राहियों को लाभान्वित किया जाये। उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक पहुंचाना है, इसलिए अभियान को परिणाममुखी बनाया जाए। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि क्लस्टर लेवल पर आयोजित किए जाने वाले शिविर सुव्यवस्थित एवं प्रभावी हों। शिविरों में प्राप्त आवेदनों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जाए तथा समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहें। उन्होंने यह भी कहा कि शिविरों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित किया जाए, ताकि जनसहभागिता बड़े और आमजन की समस्याओं का समाधान पारदर्शिता के साथ हो सके। बैठक में जानकारी दी गई कि अभियान के तहत अभी तक 69837 आवेदन प्राप्त हुए जिसमें 64802 प्रकरणों का निराकरण किया जा चुका है।
प्रधानमंत्री श्रमयोगी मानधन योजना
कलेक्टर बालागुरु के. ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना के अंतर्गत अधिक से अधिक असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों का पंजीयन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि योजना का उद्देश्य श्रमिकों को वृद्धावस्था में सामाजिक सुरक्षा प्रदान करना हैए इसलिए पात्र हितग्राहियों तक योजना की जानकारी प्रभावी रूप से पहुंचाई जाए। कलेक्टर ने ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में विशेष कैंप आयोजित कर पंजीयन अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि पंजीयन कार्य की नियमित मॉनिटरिंग करें तथा प्रगति की साप्ताहिक समीक्षा करें। लक्ष्य के अनुरूप उपलब्धि नहीं होने पर जिम्मेदारी तय की जाएगी।
राजस्व प्रकरणों का समय-सीमा में करें निराकरण
कलेक्टर ने राजस्व अधिकारियों को नामांतरण, बंटवारा एवं सीमांकन सहित सभी राजस्व प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी प्रकार का प्रकरण अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रहना चाहिए। कलेक्टर ने लंबित मामलों की नियमित समीक्षा कर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने राजस्व कार्यों में पारदर्शिता एवं जवाबदेही के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button