ब्राह्मण समाज की नई कार्यकारिणी गठित

सीहोर। आदि गौड़ बावीसा ब्राह्मण समाज शाखा भैरूंदा-रेहटी की एक महत्वपूर्ण बैठक 5 अप्रैल को गुड़ बाजार स्थित गणेश मंदिर में संपन्न हुई। इस बैठक में समाज के उत्थान और संगठन की मजबूती पर चर्चा करते हुए सर्वसम्मति से नवीन कार्यकारिणी का गठन किया गया है।
बैठक में मौजूद समाजजनों ने पूर्व पदाधिकारियों का कार्यकाल पूर्ण होने पर नई टीम की जिम्मेदारी तय की। सर्वसम्मति से प्रदीप माकवा को समाज का नया अध्यक्ष चुना गया है। उनके साथ समाज को गति देने के लिए उपाध्यक्ष पद पर राजेंद्र पाराशर, शिरीष व्यास और किरण व्यास को मनोनीत किया गया है।
इन्हें मिली कार्यकारिणी में जिम्मेदारी
संगठन को सुचारू रूप से चलाने के लिए अन्य महत्वपूर्ण पदों पर भी नियुक्तियां की गईं, जिसमें सचिव पद पर दीक्षांत व्यास की नियुक्ति की गई, जबकि कोषाध्यक्ष भरत शर्मा, सहसचिव मनोज माकवे, जितेंद्र व्यास, पूर्णिमा भरत शर्मा, साधना कौशल शर्मा और संजय व्यास शामिल हैं।
समाज हित में कार्य करने का संकल्प
नवनियुक्त अध्यक्ष प्रदीप माकवा और उनकी टीम को समाजजनों ने पुष्पमाला पहनाकर बधाई दी। समाज के वरिष्ठ जनों ने ईश्वर से प्रार्थना की कि यह नई कार्यकारिणी समर्पण, एकता और निष्ठा के साथ कार्य करते हुए समाज को प्रगति की नई ऊंचाइयों पर ले जाए।
नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने विश्वास दिलाया कि वे समाज के विकास और एकता के लिए पूरी ईमानदारी से प्रयास करेंगे। बैठक के अंत में आदि गौड़ बावीसा ब्राह्मण समाज शाखा भैरूंदा-रेहटी द्वारा समस्त समाजजनों से सहयोग और सहभागिता की अपील की गई।

Exit mobile version