
सीहोर। जिले में नवागत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत चौबे अपनी जॉइनिंग से पहले ही शहर और पुलिस महकमे में चर्चा का केंद्र बने हुए हैं। सोशल मीडिया पर उनका एक शॉर्ट वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने नशामुक्ति का एक अनोखा और असरदार संदेश दिया है। इस वीडियो की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें किसी कलाकार की बजाय खुद पुलिस अधिकारी डॉ. चौबे ने एक नशेलची (नशे के आदी व्यक्ति) का मुख्य किरदार निभाकर अभिनय किया है।
गौरतलब है कि विदिशा में पदस्थ रहे एएसपी डॉ. प्रशांत चौबे का तबादला सीहोर में एएसपी सुनीता रावत के स्थान पर हुआ है। हाल ही में विदिशा पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम में उन्हें भावभीनी विदाई दी गई, जिसके बाद वे जल्द ही सीहोर में अपना नया पदभार संभालेंगे।
डेढ़ मिनट का अभिनय कर दिखाया बर्बादी का सच
पुलिस महानिदेशक के निर्देशों पर चलाए जा रहे नशामुक्ति अभियान के तहत विदिशा पुलिस ने युवाओं को जागरूक करने के लिए यह अनूठा प्रयोग किया था। डॉ. प्रशांत चौबे ने बताया कि नशे से दूरी है जरूरी अभियान के तहत पुलिस अक्सर सीधे निर्देश और चेतावनियां जारी करती है, लेकिन युवाओं के दिलों तक बात पहुंचाने के लिए उन्होंने यह रचनात्मक रास्ता चुना।
एकल अभिनय में एक नशेलची का दर्दनाक किरदार निभाया है। वीडियो में बेहद जीवंत अभिनय के जरिए दिखाया गया है कि कैसे महज एक पुडिय़ा या नशे की लत किसी इंसान की जिंदगी को धीरे-धीरे खत्म कर देती है। इसमें यह भी दर्शाया गया है कि एक व्यक्ति के नशे की लत में पडऩे से पूरा परिवार किस तरह मानसिक, आर्थिक और सामाजिक रूप से बर्बाद हो जाता है।
सोशल मीडिया के जरिए युवाओं तक सीधा संदेश
एएसपी डॉ. चौबे के अनुसार आज का युवा सोशल मीडिया पर सबसे ज्यादा सक्रिय है। ऐसे में रूखे-सूखे उपदेशों की जगह कलात्मक और भावुक प्रयोग सीधे लोगों के दिल पर चोट करते हैं। इस वीडियो को सोशल मीडिया पर काफी पसंद किया जा रहा है और यह तेजी से शेयर हो रहा है। पुलिस महकमे को भी उम्मीद है कि एक जिम्मेदार पुलिस अफसर का यह संवेदनशील रूप समाज में सकारात्मक बदलाव लाएगा और युवाओं को नशे की गर्त में जाने से रोकने में बेहद मददगार साबित होगा।