सीहोर के नवनियुक्त कलेक्टर ने किए मां बिजासन के दर्शन, बुदनी का दौरा भी किया
कलेक्टर प्रवीण सिंह ने नागरिकों की समस्याओं के त्वरित निराकरण के अधिकारियों को दिए निर्देश
Sumit Sharma
सीहोर-रेहटी। सीहोर जिले के नवनियुक्त कलेक्टर प्रवीण सिंह अढायच ने शुक्रवार को अपना पहला दौरा किया। इस दौरान वे बुदनी एवं सलकनपुर पहुंचे। सलकनपुर में उन्होंने सर्वप्रथम मां बिजासन धाम के दर्शन किए। इस दौरान सलकनपुर मंदिर समिति के अध्यक्ष महेश उपाध्याय, सचिव आरके दुबेे सहित सदस्यों ने पुष्पगुच्छ भेंटकर उनका स्वागत किया। कलेक्टर प्रवीण सिंह ने दर्शन करने के बाद प्रज्जवल बुदनी के तहत सलकनपुर में चल रहे विकास कार्योें का निरीक्षण किया। समिति अध्यक्ष महेश उपाध्याय नेे उन्हें विकास कार्यों की जानकारी दी। कलेक्टर ने भोग प्रसादम् केंद्र पहुंचकर महिला स्व-सहायता द्वारा तैयार किए जा रहे प्रसाद को भी ग्रहण किया। बुदनी का भी किया भ्रमण- कलेक्टर प्रवीण सिंह ने बुधनी जनपद का भ्रमण करके वहां चल रहे निर्माण एवं विकास कार्यों का जायजा भी लिया। इसके साथ ही उन्होंने निर्माण कार्यों एवं अनेक योजनाओं की प्रगति की अधिकारियों से विस्तार से जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने एसडीएम, सीईओ सहित सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि वर्तमान में प्रगतिरत निर्माण एवं विकास कार्य गुणवत्तापूर्ण और निर्धारित समय सीमा में पूरे किए जाएं। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे यह सुनिश्चित करें कि हितग्राही मूलक योजनाओं का लाभ या सुविधा पाने से कोई भी पात्र व्यक्ति वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि पात्रता में शामिल नए हितग्राहियों को यथाशीघ्र योजनाओं से लाभान्वित किया जाए। उन्होंने अधिकारियो को भ्रमण के दौरान ग्रामवासियों से मिलने वाली शिकायतों एवं आवेदन पत्रों का त्वरित निराकरण करने के भी निर्देश दिए। कलेक्टर प्रवीण सिंह ने बुधनी में बनाए जा रहे मेडिकल कॉलेज के स्थल का निरीक्षण किया तथा स्थानीय जनप्रतिनिधियों से चर्चा की। उन्होंने प्रज्जवल बुधनी के तहत मेडिकल कॉलेज की स्वीकृति उपरान्त कार्य की प्रगति के बारे में संबंधित अधिकारियों से विस्तार से जानकारी ली। एकलव्य विद्यालय का भी निरीक्षण किया और छात्र-छात्राओं से शैक्षणिक गतिविधियों के बारे जानकारी ली। इस दौरान पूर्व विधायक राजेन्द्र सिंह राजपूत, जिला पंचायत सीईओ हर्ष सिंह, एसडीएम आरएस बघेल, जनपद सीईओ देवेश सराठे, तहसीलदार बुदनी आशुतोष शर्मा, नायब तहसीलदार आकाश महंत, रेहटी के नायाब तहसीलदार जयपाल शाह उइके सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित थे। सलकनपुर प्रसादम केन्द्र का किया निरीक्षण- कलेक्टर प्रवीण सिंह ने सलकनपुर में आजीविका रूरल मार्ट तथा सलकनपुर प्रसादम केन्द्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने उत्पादन यूनिट का जायजा लिया तथा निर्माण की पूरी प्रक्रिया देखी। उन्होंने आजीविका मिशन की महिलाओं से उनके द्वारा किए जा रहे व्यवसाय के बारे में विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि जिले की महिलाएं आर्थिक रूप से स्वतंत्र और आत्मनिर्भर बने, इसके लिए व्यावसायिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए काम किया जाएगा। जिला पंचायत सीईओ हर्ष सिंह और डीपीएम दिनेश बरफा ने जिले में स्व-सहायता समूहों की गतिविधियों के बारे में अवगत कराया। कलेक्टर प्रवीण सिंह ने वर्तमान में खाद वितरण सुगमता से कराने के लिए एसडीएम, तहसीलदार सहित संबंधित अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खाद लेने में किसानों को किसी तरह की परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि वर्तमान में खाद की पर्याप्त उपलब्धता है, केवल व्यवस्थित ढंग से वितरण की जरूरत है। कलेक्टर ने सभी राजस्व अधिकारियों को राजस्व संबंधी प्रकरणों को निराकरण समय-सीमा में पूर्ण करने के लिए निर्देश दिए। उन्होंने नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, डायवर्सन, राजस्व वसूली सहित अन्य राजस्व प्रकरणों के साथ ही राजस्व न्यायालयों के लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा करें और समय सीमा में उनका निराकरण करें।