रेहटी में रासेयो ने रोपे पौधे, मिशन लाइफ के तहत दिया पर्यावरण अनुकूल जीवन शैली का संदेश

सीहोर। वर्तमान समय में जलवायु परिवर्तन की वैश्विक चुनौतियों से निपटने और प्रकृति को बचाने के उद्देश्य से शासकीय महाविद्यालय रेहटी में एक विशेष पहल की गई। सात अप्रैल को महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा श्मिशन लाइफ पर्यावरण अनुकूल जीवन शैली के अंतर्गत पौधारोपण और जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. अंजली गढ़वाल के संरक्षण में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान रासेयो वाटिका में आम का पौधा रोपित किया गया। इस अवसर पर प्राचार्य ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल भाषणों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि इसे हमें अपनी जीवन शैली का हिस्सा बनाना होगा। पौधारोपण इसी दिशा में एक छोटा लेकिन महत्वपूर्ण कदम है।
नारों से किया जागरूक
कार्यक्रम के दौरान एनएसएस स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और नारों के माध्यम से जन जागरूकता फैलाई। सूखी धरती करें पुकार, वृक्ष लगाकर करो श्रृंगार जैसे नारों के साथ स्वयंसेवकों ने पर्यावरण रक्षा का संकल्प लिया। इसके साथ ही सिंगल यूज प्लास्टिक के बढ़ते खतरे के प्रति आगाह करते हुए प्रकृति के दुश्मन तीन (पाउच, पन्नी, पॉलिथीन) के नारे लगाए और लोगों से प्लास्टिक का उपयोग बंद करने की अपील की।
विशेषज्ञ और स्वयंसेवकों की रही मौजूदगी
रासेयो कार्यक्रम अधिकारी डॉ. पुनीत कुमार मालवीय ने इस दौरान स्वयंसेवकों को जलवायु परिवर्तन के खतरों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम में दीपक जाटव, अभिषेक बाकरिया, मेघदूत शर्मा सहित राज्य स्तरीय स्वयंसेवक बृजेश बारेला, दलनायक आयुष केवट, पवन प्रजापति, अमन मालवीय, नंदनी सैनी, दिव्या विश्वकर्मा, योगिता और आरती विश्वकर्मा ने सहभागिता निभाई।

Exit mobile version