महाशिवरात्रि पर आंवलीघाट तट पर हुई चार पहर की पूजा, रातभर चला आयोजन
- दादाजी सरकार गुरूभक्तों द्वारा किया गया था महाशिवरात्रि महोत्सव कार्यक्रम आयोजित
रेहटी। महाशिवरात्रि का पर्व हर जगह धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान पूरा माहौल भी शिवमय नजर आया। इसी कड़ी में सीहोर जिले की रेहटी तहसील स्थित प्रसिद्ध मां नर्मदा तट क्षेत्र आंवलीघाट पर दादाजी सरकार गुरुभक्तों के द्वारा महाशिवरात्रि पर्व बेहद ही भव्य एवं दिव्य तरीके से मनाया गया। यहां पर दादाजी सरकार की उपस्थिति में गुरुभक्तों द्वारा रेवा रिसोर्ट परिसर में आयोजित महाशिवरात्रि महोत्सव कार्यक्रम के दौरान चार पहर की पूजा आयोजित की गई। इससे पहले पार्थिव शिवलिंग का निर्माण भी हुआ।
कार्यक्रम की शुरुआत कलश यात्रा के साथ हुई। दादाजी सरकार की उपस्थिति में बैंड-बाजों के साथ कलश यात्रा रेवा रिसॉर्ट से नर्मदा तट पहुंची। यहां पर दादाजी सरकार एवं गुरुभक्तों द्वारा मां नर्मदा की पूजा अर्चना की गई एवं यहां से कलशों में जल भरकर यात्रा पुनः कार्यक्रम स्थल पहुंची। इसके बाद दादाजी सरकार के सानिध्य एवं मार्गदर्शन में पूजा की शुरुआत हुई। ब्राह्मणों द्वारा पूजा एवं महा रुद्राभिषेक कराया गया। पूजा शाम 7 बजे से शुरू हुई जो सुबह के 6 बजे तक लगातार चलती रही। इस दौरान भजन-कीर्तन भी हुआ। भक्तों के लिए यहां पर फलाहारी प्रसादी भी थी। कार्यक्रम में करीब 50 जोड़ों ने पूजा एवं अभिषेक किया। गुरुभक्त दूर-दूर से यहां पहुंचे थे। महाशिवरात्रि महोत्सव में पहुंचे सभी अतिथियों एवं भक्तों का अरविंद दुबे सदस्य सलकनपुर मंदिर समिति एवं सदस्य जनपद पंचायत बुधनी, सुमित माहेश्वरी, राकेश तिवारी, सुनील दुबे वरिष्ठ अधिवक्ता एवं चंद्र किशोर यादव अधिवक्ता ने आभार भी व्यक्त किया।
साधु-संतों की भी रही उपस्थिति-
महाशिवरात्रि महोत्सव के दौरान यहां पर क्षेत्र के लोग बड़ी संख्या में पहुंचे। इस दौरान साधु-संतों की भी गरिमामय उपस्थिति रही। आयोजन में जमुनागिरी जी महाराज, मजिस्टेट बाबा के साथ ही बड़ी संख्या में नर्मदा परिक्रमावासी भी मौजूद रहे। यहां पहुंचे साधु-संतों का पुष्पमाला पहनाकर, श्रीफल दक्षिणा देकर उनका स्वागत, सत्कार भी किया गया। इस दौरान सभी को आदरपूर्वक फलाहार भी कराया गया।



