
रेहटी। महाशिवरात्रि का पर्व हर जगह धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान पूरा माहौल भी शिवमय नजर आया। इसी कड़ी में सीहोर जिले की रेहटी तहसील स्थित प्रसिद्ध मां नर्मदा तट क्षेत्र आंवलीघाट पर दादाजी सरकार गुरुभक्तों के द्वारा महाशिवरात्रि पर्व बेहद ही भव्य एवं दिव्य तरीके से मनाया गया। यहां पर दादाजी सरकार की उपस्थिति में गुरुभक्तों द्वारा रेवा रिसोर्ट परिसर में आयोजित महाशिवरात्रि महोत्सव कार्यक्रम के दौरान चार पहर की पूजा आयोजित की गई। इससे पहले पार्थिव शिवलिंग का निर्माण भी हुआ।
साधु-संतों की भी रही उपस्थिति-
महाशिवरात्रि महोत्सव के दौरान यहां पर क्षेत्र के लोग बड़ी संख्या में पहुंचे। इस दौरान साधु-संतों की भी गरिमामय उपस्थिति रही। आयोजन में जमुनागिरी जी महाराज, मजिस्टेट बाबा के साथ ही बड़ी संख्या में नर्मदा परिक्रमावासी भी मौजूद रहे। यहां पहुंचे साधु-संतों का पुष्पमाला पहनाकर, श्रीफल दक्षिणा देकर उनका स्वागत, सत्कार भी किया गया। इस दौरान सभी को आदरपूर्वक फलाहार भी कराया गया।