भैरुंदा के खूनी संघर्ष में एक आरोपी पहुंचा जेल, एक बाल अपचारी हिरासत में

सीहारे। भैरुंदा नगर के मिलन गार्डन रोड पर बीते दिनों दो पक्षों के बीच हुए हिंसक विवाद में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों पर मामला दर्ज किया है। इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि दूसरे पक्ष से एक बाल अपचारी को अभिरक्षा में लिया गया है। विवाद में घायल हुए दोनों पक्षों के एक-एक मुख्य आरोपी फिलहाल अस्पताल में उपचाराधीन हैं।
पुलिस के अनुसार घटना 16 अप्रैल की है। पहले पक्ष की रिपोर्ट के मुताबिक आरोपी रोहित और संतोष परते ने फरियादी और उसके जीजा अंकेश एक्के के साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की नीयत से उन पर हमला कर दिया। इस हमले में अंकेश को गंभीर चोटें आईं। पुलिस ने इस मामले में अपराध दर्ज किया।
वहीं दूसरे पक्ष के पीडि़त रोहित बिले निवासी धौलपुर की रिपोर्ट पर भी कार्रवाई की गई है। पुलिस ने अंकेश और एक अन्य बाल अपचारी निवासी पलाशी कलां के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया है।
एक आरोपी पहुंचा जेल, दूसरा हिरासत में
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद सीहोर रेफर कर दिया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुनीता रावत के निर्देशन में एक विशेष टीम गठित की गई।
थाना प्रभारी के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई करते हुए एक पक्ष के फरार आरोपी संतोष परते निवासी आईटीआई कॉलोनी को बाईपास के पास से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया,ंजहाँ से उसे जेल वारंट पर जेल भेज दिया गया है। इसी पक्ष का दूसरा आरोपी रोहित फिलहाल एम्स अस्पताल में भर्ती है।
दूसरे पक्ष पर भी कानूनी शिकंजा
विवाद के दूसरे पक्ष के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक बाल अपचारी को अभिरक्षा में लिया है, जिस पर विधिक प्रक्रिया अपनाई जा रही है। इस पक्ष का आरोपी अंकेश भी अस्पताल में भर्ती है और उसका इलाज चल रहा है। पुलिस का कहना है कि अस्पताल में भर्ती दोनों पक्षों के आरोपियों के डिस्चार्ज होते ही उन्हें गिरफ्तार कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version