शहीद के गांव में लाड़ली बहनों को ‘धमकी’ पर मचा बवाल, मंत्री करण सिंह वर्मा विपक्ष के निशाने पर

सीहोर। इछावर तहसील के ग्राम धामंदा में राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा के एक बयान ने प्रदेश की सियासत में उबाल ला दिया है। शहीद नायक जितेंद्र कुमार वर्मा की जन्मस्थली पर आयोजित कार्यक्रेम में मंत्री द्वारा महिलाओं को नाम काटने की धमकी दिए जाने के बादए कांग्रेस ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
बता दें ग्राम धामंदा में एक जनसभा को संबोधित करते हुए राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा ने लाड़ली बहनों की उपस्थिति पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा यहां 894 बहनों को 1500 रुपये महीना मिल रहा है, लेकिन आई कितनी हैं। अब एक दिन सीईओ मैडम से बोलेंगे कि सबको बुलाओ और जो नहीं आएंगी, उनका नाम कट जाएगा। हम यहीं से रिपोर्ट दे देंगे। मंत्री ने आगे यह भी कहा कि प्रधानमंत्री मोदी दिल्ली से गेहूं और पैसा भेज रहे हैं और आप लोग ध्यान नहीं रखतीं।
उमंग सिंघार का करारा हमला
मंत्री के इस बयान पर नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने सोशल मीडिया पर तीखा पलटवार किया। उन्होंने कहा कि लाड़ली बहनों के स्वाभिमान पर चोट करना अब भाजपा नेताओं की कार्यशैली बन गई है। सिंघार ने तंज कसते हुए कहा पहले 3000 रुपये का वादा किया, फिर 1500 पर अटक गए और अब जब बहनें हक मांग रही हैं तो उन्हें नाम काटने की धमकियां दी जा रही हैं। क्या यही भाजपा का महिला सम्मान है।
कांग्रेस ने बताया सत्ता का अहंकार
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता अभिनव बड़ोलिया ने भी इस मामले में सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि यह जनता का पैसा है, भाजपा का नहीं। इतना घमंड ठीक नहीं है, यही लाड़ली बहनें समय आने पर भाजपा को करारा जवाब देंगी। सिंघार ने अपने बयान में पुराने मामलों का जिक्र करते हुए मंत्री विजय शाह की टिप्पणियों पर भाजपा की चुप्पी को भी आड़े हाथों लिया।
शहीद के गांव में उपजा आक्रोश
ग्रामीणों के बीच इस बात को लेकर विशेष नाराजगी है कि जिस पावन धरा ने देश के लिए नायक जितेंद्र कुमार वर्मा जैसा शहीद दिया, वहां की महिलाओं को इस तरह डराना अशोभनीय है। इस विवाद ने अब प्रदेश स्तर पर राजनीतिक तूल पकड़ लिया है और विपक्ष इसे महिला अस्मिता से जोडक़र सरकार को घेरने की रणनीति बना रहा है।

Exit mobile version