
सीहोर। रेहटी के विजयासन अस्पताल में बीती रात इलाज के दौरान एक व्यक्ति की मौत हो गई, जिसके बाद परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों को मौके पर मोर्चा संभालना पड़ा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम बोरघाटी निवासी मनीराम की तबीयत बिगडऩे पर परिजन उन्हें पहले शासकीय अस्पताल ले गए थे। वहां से हालत गंभीर होने पर उन्हें रेफर किया गया, जिसके बाद उन्हें रेहटी स्थित विजयासन हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल प्रबंधन ने शुरुआत में इसे गैस की सामान्य समस्या बताकर भर्ती किया था, लेकिन इलाज के दौरान अचानक मरीज की मौत हो गई।
परिजनों के गंभीर आरोप
मरीज की मृत्यु के बाद अस्पताल प्रबंधन ने परिजनों को बताया कि मनीराम को हार्ट अटैक आया था, जिसके कारण उन्हें बचाया नहीं जा सका। इस जवाब से असंतुष्ट परिजनों ने अस्पताल परिसर में हंगामा शुरू कर दिया। उनका आरोप है कि इलाज में बरती गई लापरवाही के कारण मनीराम की जान गई है। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।
प्रशासन ने संभाली स्थिति
हंगामे की सूचना मिलते ही रेहटी थाना प्रभारी और प्रभारी तहसीलदार दल बल के साथ मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझा बुझाकर शांत कराया। पुलिस ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।