त्योहारों पर शहर में बना रहे अमन और चैन, शांति समिति की बैठक में बनी रणनीति

होली, ईद और नवरात्रि को लेकर पुलिस प्रशासन सख्त, हुड़दंगियों पर रहेगी नजर

सीहोर। त्योहारों के मद्देनजर शहर में शांति, आपसी सौहार्द और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए कोतवाली थाने में शांति समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। सीएसपी डॉ. अभिनंदना शर्मा और एसडीएम तन्मय वर्मा की मौजूदगी में हुई इस बैठक में होली, रंगपंचमी, चैत्र नवरात्रि, ईद, रामनवमी और झूलेलाल जयंती जैसे पर्वों को सुव्यवस्थित तरीके से मनाने पर विस्तृत चर्चा हुई।
सभी समाजों से सहयोग की अपील बैठक के दौरान पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने सकल हिंदू समाज के पदाधिकारियों, मुस्लिम समाज के गणमान्य नागरिकों और पत्रकारों से संवाद किया। सीएसपी डॉ. अभिनंदना शर्मा ने कहा कि त्योहार खुशियों का प्रतीक हैं, इसलिए सभी नागरिक इन्हें मिल-जुलकर और शांतिपूर्ण तरीके से मनाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था बिगाडऩे वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
विभागीय तैयारियों के निर्देश
एसडीएम तन्मय वर्मा ने नगर पालिका, विद्युत विभाग और राजस्व विभाग के अधिकारियों को अपनी तैयारियां दुरुस्त रखने के निर्देश दिए नगर पालिका को त्योहारों के दौरान विशेष सफाई अभियान चलाने को कहा गया। विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति और ढीले तारों को दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए। कोतवाली थाना प्रभारी को संवेदनशील इलाकों में गश्त बढ़ाने के निर्देश मिले।
बैठक में ये रहे मौजूद
इस महत्वपूर्ण बैठक में तहसीलदार भरत नायक, कोतवाली थाना प्रभारी रविंद्र यादव, नायब तहसीलदार आकाश महंत, सीएमओ नगर पालिका, बिजली विभाग के एई सहित बड़ी संख्या में समाज के सम्मानीय नागरिक उपस्थित रहे। प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और भाईचारे के साथ पर्वों का आनंद लें।

Exit mobile version