यहां हो गया मोर का शिकार, 2 पकड़ाए, 6 फरार

सीहोर। जिले के लाड़कुई वन परिक्षेत्र के अंतर्गत आने वाले निमोटा के जंगल में मोर के शिकार के आरोपियों को पकड़ा गया है। बताया जा रहा है कि फिलहाल 2 आरोपी पकड़ाए हैं और 6 फरार है। वन परिक्षेत्र अधिकारी प्रकाश उईके ने बताया कि निमोटा के जंगल में मोर के शिकार की जानकारी मिली थी। इसके बाद वन अमले को सूचना दी गई, जिस पर परिक्षेत्र सहायक शरद रंजन नयापुरा के साथ वन अमले ने मौके पर पहुंचकर देखा तो ब्रिजेश पिता रेंजा पांगरी, अर्जुन पिता मोहन निवासी पांगरी अपने अन्य साथियों के साथ मोर का शिकार कर रहे थे। वन अमले ने मौके पर पहुंचकर देखा तो शिकारियों द्वारा कुत्तों से मोर को हाका जा रहा था। इस दौरान वन अमले ने घेराबंदी कर शिकारियों को पकड़ने का प्रयास किया। इस दौरान दो आरोपी तो पकड़ा गए, लेकिन इनके अन्य साथी भागने में सफल हो गए। बताया जा रहा है कि कुल 8 शिकारी थे। मृत मोर को वन परिक्षेत्र लाड़कुई लाया गया, जहां डॉक्टर हिमांशु सुले द्वारा परीक्षण किया गया। इस दौरान डॉक्टर श्री सुले ने बताया कि मादा मोर का शिकार किया गया। दूर से किसी चीज से बार करने के चिन्ह दिखाई दे रहे हैं। सारी स्थिति मोस्टमार्टम के बाद स्पष्ट होगी।