पुलिस आरक्षक भर्ती की शारीरिक परीक्षा सोमवार से…

भोपाल। मध्यप्रदेश पुलिस में आरक्षक पद पर भर्ती के लिए शारीरिक दक्षता परीक्षा सोमवार से ग्वालियर के एसएएफ ग्राउंड पर शुरू होने जा रही है। 14 मार्च तक चलने वाले इस महत्वपूर्ण पड़ाव में कुल 5200 अभ्यर्थी अपनी किस्मत आजमाएंगे। परीक्षा को पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए प्रशासन ने तकनीक का सहारा लेते हुए कड़े सुरक्षा इंतजाम किए हैं।
भर्ती प्रक्रिया में किसी भी तरह के फर्जीवाड़े को रोकने के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। मैदान में प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन होगा। इसके बाद उनके फिंगरप्रिंट और आंखों की स्कैनिंग की जाएगी। सुरक्षा को और मजबूत करने के लिए अभ्यर्थियों को आरएफआईडी टैग वाली विशेष जैकेट पहनाई जाएगी, जिससे उनकी हर गतिविधि और दौड़ की टाइमिंग को सेंसर आधारित मॉनिटरिंग सिस्टम के जरिए सटीक तरीके से मापा जा सकेगा।
डीआईजी ने गठित कीं तीन समितियां
डीआईजी अमित सांघी के अनुसार परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए तीन अलग-अलग समितियां गठित की गई हैं। मैदान में केवल उन्हीं अभ्यर्थियों को प्रवेश दिया जाएगा, जिनका उस दिन टेस्ट होगा। अभ्यर्थियों को 800 मीटर दौड़, गोला फेंक और लंबी कूद की बाधाएं पार करनी होंगी। गोला फेंक और लंबी कूद के लिए प्रत्येक अभ्यर्थी को तीन-तीन मौके दिए जाएंगे। पूरे प्रदर्शन के आधार पर अंक दिए जाएंगे और मेरिट तैयार होगी।
400 अभ्यर्थियों का रोज होगा परीक्षण
शारीरिक परीक्षा प्रतिदिन सुबह 6 बजे से शुरू हो जाएगी। 25 फरवरी से इस प्रक्रिया में तेजी आएगी, जिसके तहत रोजाना लगभग 400 अभ्यर्थियों को बुलाया जाएगा। पूरे मैदान और परीक्षा स्थल की निगरानी के लिए 60 हाई डेफिनेशन सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।
होली के कारण शेड्यूल में बदलाव
होली के त्योहार को देखते हुए परीक्षा की तिथियों में आंशिक बदलाव किया गया है। पहले यह भर्ती प्रक्रिया 13 मार्च को समाप्त होनी थी, लेकिन 4 मार्च को होली का अवकाश होने के कारण उस दिन की परीक्षा अब 14 मार्च को आयोजित की जाएगी। पुलिस प्रशासन ने अभ्यर्थियों से समय पर मैदान पहुंचने और अनुशासन बनाए रखने की अपील की है।

Exit mobile version