Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशरेहटीसीहोर

पेट्रोल पंप लूटने की साजिश नाकाम, हरियाणा के सरगना समेत 5 डकैत गिरफ्तार

मुख्य आरोपी शराफत पर हरियाणा में भी मामले दर्ज

सीहोर। आष्टा पुलिस ने ग्रामवासियों की मदद से एक बड़ी वारदात को होने से पहले ही रोक दिया है। पुलिस ने कन्नौद रोड पर स्थित पेट्रोल पंप को लूटने की योजना बना रहे पांच सशस्त्र डकैतों को घेराबंदी कर धर दबोचा। पकड़े गए आरोपियों में हरियाणा का एक शातिर अपराधी भी शामिल है, जिसने स्थानीय साथियों के साथ मिलकर इस पूरी साजिश को रचा था।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार बीती रात ग्राम नानकपुर में ग्रामीणों ने पांच संदिग्ध बाहरी व्यक्तियों को हथियारों के साथ देखा। ये आरोपी किसी बड़ी लूट या चोरी की घटना को अंजाम देने की बात कर रहे थे। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक दीपक शुक्ला और एएसपी सुनीता रावत के निर्देशन में थाना प्रभारी गिरीश दुबे ने दो विशेष टीमों का गठन किया।
यात्री प्रतीक्षालय से हुई गिरफ्तारी
जैसे ही पुलिस की टीमें नानकपुर यात्री प्रतीक्षालय के पास पहुंची, वहां मौजूद पांचों संदिग्ध भागने लगे, लेकिन पुलिस बल के 9 सदस्यों और स्थानीय ग्रामीणों ने सूझबूझ दिखाते हुए घेराबंदी की और पांचों को दबोच लिया। तलाशी लेने पर उनके पास से तलवार, धारदार चाकू, नुकीला सब्बल, लोहे की रॉड और ताले तोडऩे का कटर बरामद हुआ।

पूछताछ में हुआ सनसनीखेज खुलासा
पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे कन्नौद रोड स्थित पेट्रोल पंप को लूटने की तैयारी में थे। इस गैंग का मुख्य मास्टरमाइंड हरियाणा का शराफत अली है। शराफत पहले देवास जिले के गांवों में हड़म्बा मशीन चलाने आता था, जहां उसकी पहचान स्थानीय आरोपी अरमान से हुई। शराफत ने ही पेट्रोल पंप लूटने का प्लान बनाया और स्थानीय युवकों को लालच देकर अपने साथ शामिल किया।
गिरफ्तार किए गए आरोपी
पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपियों में शराफत अली निवासी जिला नूह हरियाणा। साबिर खांरू निवासी ग्राम दुकामा थाना कन्नौद। वकील शाह निवासी ग्राम अम्बाड़ा थाना कन्नौद। ब्रजेश धनवार निवासी ग्राम डोकाकुई थाना कन्नौद। अरमान खां निवासी ग्राम अम्बाडा थाना कन्नौद को गिरफ्तार किया है।
आपराधिक रिकॉर्ड और आगे की जांच
मुख्य आरोपी शराफत अली के खिलाफ हरियाणा में मारपीट और चोरी के कई मामले दर्ज हैं। वहीं आरोपी साबिर खां के विरुद्ध भी देवास जिले में तीन आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस अब इन आरोपियों से अन्य वारदातों के संबंध में कड़ी पूछताछ कर रही है। शराफत की गिरफ्तारी की सूचना हरियाणा पुलिस को भी दे दी गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button