आगामी त्योहारों को लेकर पुलिस अलर्ट, एसपी ने ली बैठक

सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के लिए दिए कड़े निर्देश

सीहोर। जिले में आगामी त्योहार होली, रंगपंचमी, ईद और रमजान के दौरान शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन ने अपनी कमर कस ली है। बुधवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभागार में एसपी दीपक कुमार शुक्ला की अध्यक्षता में सूचना संकलन कर्मचारियों की एक मासिक बैठक और प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई।
बैठक की शुरुआत में जिले के विभिन्न थानों से आए कर्मचारियों को यातायात नियमों की बारीकियों और किसी भी घटना स्थल को सुरक्षित रखने के संबंध में तकनीकी प्रशिक्षण दिया गया। इसका उद्देश्य यह है कि किसी भी अप्रिय स्थिति में पुलिस बल साक्ष्यों को सुरक्षित रख सके और यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे।
त्योहारों के लिए एसपी ने दिए निर्देश
पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला ने कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए दिशा निर्देश दिए,जिसमें एसडीएम, पीडब्ल्यूडी, नगर पालिका और बिजली विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर आपसी समन्वय बनाने, संवेदनशील इलाकों के रूट का परीक्षण किया जाएगा। आवश्यकता पडऩे पर ड्रोन कैमरों और ऊंची इमारतों पर पुलिस बल तैनात कर निगरानी रखी जाएगी। भ्रामक खबरों और अफवाहों को रोकने के लिए सोशल मीडिया सेल को विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है। जिले के सभी होटलोंए लॉज और ढाबों की सघन चेकिंग की जाएगी। शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। होली और रंगपंचमी पर नदी किनारे वाले क्षेत्रों में एसडीआरएफ और होमगार्ड की तैनाती रहेगी। साथ ही लाइफ जैकेट, रस्सी और लाउड हेलर जैसे उपकरण अनिवार्य रूप से साथ रखने को कहा गया है। अवैध शराब, मादक पदार्थ और गोवंश परिवहन जैसी गतिविधियों पर सूचना मिलते ही त्वरित वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
जनभागीदारी पर जोर
एसपी ने निर्देश दिए कि बड़े आयोजनों के लिए आयोजकों से चर्चा की जाए और स्थानीय स्तर पर वॉलंटियर्स बनाकर सुरक्षा व्यवस्था में उनका सहयोग लिया जाए। विशेष रूप से भगोरिया मेले के दौरान महिला वॉलंटियर्स की मदद से सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जाएंगे।
बैठक में इनकी रही उपस्थिति
इस महत्वपूर्ण बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुनीता रावत, नवागत एसडीओपी आष्टा दामोदर गुप्ता, निरीक्षक विशेष शाखा सत्येन्द्र यादव, उनि रेखा जोझा, फिंगर प्रिंट विशेषज्ञ पुरूषोत्तम दांगी सहित सूचना संकलन के कर्मचारी उपस्थित रहे।

Exit mobile version