पुलिस आरक्षक भर्ती: 23 फरवरी से शुरू होगा फिजिकल टेस्ट

प्रदेश के 10 केंद्रों पर 7500 पदों के लिए शक्ति प्रदर्शन

सीहोर। मध्यप्रदेश पुलिस में आरक्षक के 7500 पदों पर भर्ती की प्रक्रिया अब अपने अगले और महत्वपूर्ण चरण में पहुंच गई है। कर्मचारी चयन मंडल द्वारा आयोजित लिखित परीक्षा में सफल रहे उम्मीदवारों के लिए शारीरिक दक्षता परीक्षा आगामी 23 फरवरी से शुरू होने जा रही है। पुलिस मुख्यालय ने इसके लिए प्रदेश भर में 10 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए हैं।
इस शारीरिक परीक्षा के दौरान चयनित उम्मीदवारों को अपनी शारीरिक क्षमता साबित करनी होगी। मुख्य रूप से तीन स्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी, जिसमें 800 मीटर की दौड़, लंबी कूद, गोला फेंक शामिल हैं। इन शारीरिक परीक्षणों के साथ-साथ उम्मीदवारों के मूल दस्तावेजों का सत्यापन भी उन्हीं केंद्रों पर किया जाएगा।
13 मार्च तक चलेगी परीक्षा, सुबह 6 बजे देनी होगी उपस्थिति
शारीरिक दक्षता परीक्षा 23 फरवरी से 13 मार्च तक चलेगी। विशेष ध्यान देने वाली बात यह है कि 2 मार्च, 3 मार्च और 8 मार्च को अवकाश होने के कारण परीक्षा आयोजित नहीं की जाएगी। फिजिकल टेस्ट के लिए उम्मीदवारों को सुबह 6 बजे संबंधित ग्राउंड पर रिपोर्ट करना होगा।
दस्तावेज और ई.केवाईसी अनिवार्य
उम्मीदवारों को अपने साथ आधार कार्ड ले जाना अनिवार्य है, क्योंकि वहां आधार ई.केवाईसी के जरिए बायोमेट्रिक सत्यापन किया जाएगा। इसके अलावा सभी उम्मीदवारों को अपने मूल दस्तावेज और उनकी स्वयं प्रमाणित फोटोकॉपी का एक सेट साथ लाना होगा।
इन 10 केंद्रों पर बनाए गए हैं परीक्षा स्थल
भोपाल: लाल परेड ग्राउंड जहांगीराबाद
इंदौर: एमटीडी परिसर, आरएपीटीसी
ग्वालियर: 14वीं वाहिनी एसएएफ परेड ग्राउंड, कम्पू
जबलपुर: 6वीं वाहिनी एसएएफ परेड ग्राउंड, रांझी
उज्जैन: महानंदा एरीना ग्राउंड, देवास रोड
सागर: शासकीय इंदिरा गांधी इंजीनियरिंग कॉलेज, बहेरिया
रीवा: 9वीं वाहिनी एसएएफ परेड ग्राउंड
मुरैना: 5वीं वाहिनी एसएएफ परेड ग्राउंड
रतलाम: भगत सिंह शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के पास
बालाघाट: 36वीं वाहिनी एसएएफ फुटबाल-हॉकी ग्राउंड

Exit mobile version