बुलेट से पटाखे जैसी आवाज निकालने वाले चालक पर पुलिस की सख्त कार्रवाई, 5 हजार का जुर्माना और साइलेंसर जब्त

सीहोर। बुलेट मोटरसाइकिल के मॉडिफाइड साइलेंसर से पटाखे फोडऩे जैसी आवाज कर सनसनी फैलाने और आम जनता की सुरक्षा खतरे में डालने वाले एक चालक के खिलाफ रेहटी पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने आरोपी की पहचान कर न केवल उस पर भरकम जुर्माना लगाया है, बल्कि उसकी बाइक का साइलेंसर भी जब्त कर लिया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 21 अक्टूबर को थाना रेहटी क्षेत्र के अंतर्गत पुलिस गश्त और निगरानी के दौरान यह कार्रवाई की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि कस्बे की सडक़ों पर एक बुलेट मोटरसाइकिल का चालक वाहन के साइलेंसर से जानबूझकर पटाखे जैसी तेज आवाजें निकालकर आतंक मचा रहा है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए वाहन और चालक की पहचान की। पूछताछ में आरोपी की पहचान कमल पिता प्रह्लाद सिंह निवासी रेहटी के रूप में हुई। पुलिस ने मोटर व्हीकल एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए कुल पांच रुपये का चालान काटा और मौके पर ही बुलेट का अवैध साइलेंसर जब्त कर लिया।
लोगों के लिए आफत बनते जा रहे हैं पटाखा बुलेट
रेहटी नगर और आसपास के इलाकों में पिछले कुछ समय से बुलेट मोटरसाइकिलों में अवैध और मॉडिफाइड साइलेंसर लगवाकर तेज धमाके करने का चलन तेजी से बढ़ा है, जो आमजनों के लिए परेशानी का सबब है। जब चलती बाइक से अचानक जोरदार पटाखे जैसी आवाज निकलती है तो सडक़ पर चल रहे बुजुर्ग, महिलाएं, बच्चे और दोपहिया वाहन चालक घबरा जाते हैं, जिससे संतुलन बिगडऩे पर गंभीर सडक़ हादसे हो सकते हैं। इस तरह के अचानक होने वाले तेज धमाके दिल के मरीजों, छोटे बच्चों और बुजुर्गों की सेहत के लिए बेहद नुकसानदायक साबित होते हैं।
पुलिस की सख्त चेतावनी
नागरिकों ने पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना करते हुए राहत की सांस ली है। वहीं रेहटी पुलिस ने चेतावनी दी है कि जो भी चालक अपनी गाडिय़ों में इस तरह के अवैध बदलाव करवाकर आम जनता की शांति और सुरक्षा में खलल डालेंगे, उनके खिलाफ आगे भी इसी प्रकार की सख्त और दंडात्मक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Exit mobile version